जानें, कैसे यूपी में पर्यटन को बढ़ाएंगे अखिलेश?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य सरकार देश-विदेश के सैलानियों को आकर्षित करने के लिए आगरा, लखनऊ और वाराणसी को हेरिटेज आर्क के रूप में विकसित करेगी। इन शहरों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही ऐतिहासिक इमारतों को संवारा जाएगा ताकि पर्यटक आकर्षित हो सकें।
स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिलों में भी पर्यटन प्रोत्साहन परिषद का गठन किया जाएगा। इसमें 60 फीसदी सदस्य बाहर के तथा 40 फीसदी सरकारी सदस्य होंगे।
आगरा, लखनऊ व वाराणसी हेरिटेज आर्क को टूर पैकेज में शामिल कराने के लिए 15 नवंबर को दिल्ली में यूपी ट्रेवल मार्ट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए शासन ने भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के साथ एमओयू पर दस्तखत भी किए हैं।
ट्रेवल मार्ट में टूर ऑपरेटरों को इन पर्यटन स्थलों की खूबियों के बारे में जानकारी देने के साथ ही उन्हें इन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
आयोजित किया जाएगा बड़ा टूरिस्ट मार्ट
22 से 25 फरवरी तक लखनऊ में बड़ा टूरिस्ट मार्ट आयोजित किया जाएगा जिसमें यूपी केपर्यटन स्थलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित पर्यटन प्रोत्साहन परिषद की पहली बैठक में यूपी को दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
फिक्की इसमें राज्य सरकार का सहयोग करेगा। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों को कैसे आकर्षित किया जा सके, इसके लिए बैठक में कई अहम सुझाव आए हैं। सरकार पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं तैयार कराने के साथ-साथ उन्हें अन्य सहूलियतें भी मुहैया कराएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हेरिटेज होटल खोलने में रजिस्ट्री आदि को लेकर आ रही दिक्कतों की जानकारी मिली है। मुख्य सचिव से इन कठिनाइयों का निराकरण कराने को कहा गया है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अयोध्या-फैजाबाद व इलाहाबाद के विकास पर सरकार का ध्यान है। यहां आने वाले पर्यटकों को भी सहूलियतें मुहैया कराई जाएंगी। बुंदेलखंड, अवध एवं सूफी-सर्किट के लिए अलग-अलग योजनाएं तैयार कर इन्हें लागू किया जाएगा।
नहीं ली जाएगी सेलिब्रिटी की मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए सूचीबद्ध कंपनियों के सहयोग के साथ ही प्रचार-प्रसार में मीडिया की भी मदद ली जाएगी।
पर्यटन के लिए किसी ‘सेलिब्रिटी’ का सहयोग लेने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ताज की पहचान पूरी दुनिया में है। इसी तरह लखनऊ के रूमी गेट, इमामबाड़ा व अन्य ऐतिहासिक इमारतों की भी अपनी अलग पहचान है। उन्हें नहीं लगता कि किसी चेहरे की जरूरत है।
एविएशन टरबाइन फ्यूल पर अब मात्र चार फीसदी वैट मुख्य सचिव आलोक रंजन ने बताया कि प्रदेश के भीतर संचालित की जाने वाली वायुसेवा के लिए एविएशन टरबाइन फ्यूल पर वैट की दर 21 फीसदी से घटाकर चार फीसदी की जाएगी।
यह फैसला पर्यटन प्रोत्साहन परिषद की बैठक में किया गया। इस संबंध में जल्द ही प्रस्ताव तैयार करके कैबिनेट के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जाएगा।