{"_id":"65df4e30cf6b5185fe0a0f4b","slug":"akhilesh-said-due-to-fear-of-stf-someone-broke-due-to-greed-for-respect-and-package-2024-02-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow : अखिलेश बोले, एसटीएफ के डर से तो कोई सम्मान व पैकेज के लालच में टूटा, पिछले चुनाव में भी आया था नोटिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow : अखिलेश बोले, एसटीएफ के डर से तो कोई सम्मान व पैकेज के लालच में टूटा, पिछले चुनाव में भी आया था नोटिस
Wed, 28 Feb 2024 08:49 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Wed, 28 Feb 2024 08:49 PM IST
सार
अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि पिछले चुनाव से पहले भी उनके पास एक नोटिस आया था। इस चुनाव में भी एक नोटिसा आया है। हालांकि उन्होंने किसी एजेंसी का नाम नहीं लिया।
विज्ञापन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कोई एसटीएफ के डर तो कोई सम्मान व पैकेज के लालच में टूटा। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने अंदर एक सिद्धांतविहीन गुट बनाना चाहिए, जिसमें सिंद्धातहीन लोगों को जगह देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले सपा के किसी भी विधायक को हम पार्टी से निष्कासित करके आजाद नहीं करेंगे, बल्कि नियमों के तहत उन पर कार्रवाई करेंगे।
विज्ञापन
प्रदेश सपा मुख्यालय पर बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में समुद्र मंथन की तर्ज पर संविधान मंथन होगा। पीडीए परिवार लगातार बढ़ रहा है, जिससे भाजपा की हार सुनिश्चित हो गई है। राज्यसभा चुनाव में पक्ष द्रोही विधायकों पर कार्रवाई के सवाल पर यह भी बोले कि सभी जानते हैं कि यह कार्रवाई होना विधानसभा अध्यक्ष पर निर्भर करेगा। अलबत्ता हमारी ओर से प्रक्रिया जरूर पूरी होगी।
विज्ञापन
एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा सरकार ने सपा विधायक रमाकांत यादव के सामने गलत ढंग से संकट पैदा कर दिया है। उन्होंने क्रॉस वोटिंग पर कहा कि सभी जानते हैं कि जो असलहे पकड़े गए थे, उन पर पता किस (विधायक) का था। उन्होंने कहा कि पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा घबराहट में है। इसी के कारण भाजपा दूसरी पार्टियों को तोड़ रही हैं। प्रलोभन देकर दूसरे दलों के विधायकों को तोड़ रही है।
विज्ञापन
मनोज पांडे पर साधा निशाना
क्रॉस वोटिंग करने वाले सपा विधायक मनोज पांडे के बारे में उनका नाम लिए बिना कहा कि वह तो हमें भाजपा और आरएसएस के बारे में सूचना देते थे। हमारी चिंता यह है कि अब वो सूचनाएं कौन देगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही चीफ व्हिप तय हो जाएगा।
पल्लवी से नहीं हुआ कोई विवाद
सपा विधायक पल्लवी पटेल से कथित विवाद पर अखिलेश यादव ने कहा कि कोई विवाद नहीं हुआ। हमने उनसे कहा कि अंतरात्मा से वोट दें। अगर अंतरात्मा भाजपा को कहती है तो भाजपा को दें। हमें कहती है तो हमें दें। यह पूछे जाने पर कि पल्लवी पटेल ने पारदर्शी चुनाव के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के लिए बधाई दी, अखिलेश ने कहा कि अब तो दूसरों से ही पूछना होगा कि वह हमारे साथ हैं कि नहीं।
शहजिल के वोट रद्द करने पर बोले-आंशिक पेमेंट ही मिला होगा
सपा अध्यक्ष से पूछा गया कि उनके विधायक शहजिल इस्लाम ने बैलेट पेपर पर निशान लगाने के बजाय ''पीपी'' लिखा, तो उन्होंने कहा कि हो सकता है उसे पार्शियल पेमेंट (आंशिक भुगतान) मिला हो। पूरा पेमेंट होता तो ''एफपी'' यानी पूरा भुगतान लिखते। वहीं, इंडिया गठबंधन में स्वामी प्रसाद मौर्य को शामिल किए जाने के सवाल को वह टाल गए।
पिछले चुनाव में भी आया था नोटिस : अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को एक खबरिया चैनल से बातचीत में खुलासा किया कि पिछले चुनाव से पहले भी उनके पास एक नोटिस आया था। इस चुनाव में भी एक नोटिसा आया है। हालांकि उन्होंने किसी एजेंसी का नाम नहीं लिया। वहीं खनन घोटाले में सीबीआई द्वारा अखिलेश यादव को नोटिस देकर बृहस्पतिवार को तलब करने का सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने खंडन किया है।