'2016 के आखिर तक दौड़ने लगेगी मेट्रो'
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2016 के आखिर तक राजधानी में मेट्रो ट्रेन चलने लगेगी। यही नहीं समय से पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण करा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी के आईटी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राजधानी में जहां मेट्रो चलाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है, वहीं शहरों में साइकिल के लिए अलग से ट्रैक बनवाया जा रहा है। इससे साइकिल चलाने वाले खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे।
उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के बनते ही सूबे के विकास की रफ्तार बढ़ेगी। इस काम को 20-22 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
सीएम ने मीडिया को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि टीआरपी बढ़ाने के लिए सरकार की छवि खराब करने वाली खबरें चलाई गईं। उनका इशारा बदायूं कांड से जुड़ी खबरों की तरफ था।
उन्होंने कहा कि इस मामले की सीबीआई की जांच में ऐसा कुछ नहीं निकला जैसा मीडिया ने प्रचारित किया। सपा सरकार के लैपटॉप बांटने जैसे कामों की भी आलोचना की गई। उन्होंने कहा कि टॉपर्स को लैपटॉप देने की योजना जारी रहेगी।
झाड़ू लगाना अच्छी बात
सीएम ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा करने वालों के सहयोगी क्या कर रहे हैं, इस ओर भी उन्हें ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झाड़ू लगाना अच्छी बात है, मगर वास्तविक सफाई गरीबी दूर करने से ही आएगी। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाना भी जरूरी है।
कुछ समय पहले कहा गया था कि यूपी में कूड़े की गुणवत्ता खराब होने की वजह से बिजली नहीं बन सकती, लेकिन अब इस दिशा में काम किया जा रहा है।