लखनऊ से तीन शहरों के लिए सीधी फ्लाइट!
लखनऊ से आगरा, वाराणसी और गोरखपुर के लिए हवाई सेवा अगले महीने से शुरू हो जाएगी। इसके लिए तीन एयरलाइंस आगे आईं हैं।
यह बात सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने बुधवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की ओर से आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश ट्रैवल मार्ट-2015 के रोड शो के दौरान कही। ट्रैवल मार्ट-2015 का आयोजन 22-24 फरवरी तक राजधानी में होगा।
बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे अभिजात ने कहा कि यूपी में पर्यटन विकास की सारी संभावनाएं मौजूद हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर्यटन विकास के क्षेत्र में भी निर्णायक साबित होगा।
विरासत महत्व के भवनों के विकास की जिम्मेदारी हम सबकी है। उन्होंने रोड शो में मौजूद उद्यमियों से पूछा कि लखनऊ में कहां-कहां साइकिल ट्रैक बनाने की जरूरत है। ट्रैक के लिए सुझाव विभाग को देंगे तो सटीक योजना बन सकेगी।
लंदन आई की तरह जल्द ही दिखेगी लखनऊ आई
उन्होंने कहा कि लंदन आई की तर्ज पर राजधानी में भी जल्द ही लखनऊ आई दिखेगी। उन्होंने गुजरात में पर्यटन उद्योग की तारीफ करते हुए कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार के रुख में भी बदलाव आया है, जिसका हमें अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जल्द ही ‘आइये मेहमाननवाजी के लिए तैयार हो रहा लखनऊ’ स्लोगन लाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल ने कहा कि हमें ट्रिपल सी यानी कल्चर, क्विजीन और क्राफ्ट पर विशेष ध्यान देना होगा। फिक्की के निदेशक राहुल चक्रवर्ती ने कहा कि ट्रैवल मार्ट का उद्घाटन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 22 मार्च को होगा।
23-24 फरवरी को बीटूबी (बेंच टू बेंच) मीटिंग होंगी। इसमें 75 देशों के टूर ऑपरेटर हिस्सा लेंगे। विदेशी टूर ऑपरेटर्स के लिए हेरिटेज आर्क, बौद्ध परिपथ और वन्य जीव पार्क घुमाए जाएंगे।