यूपी के उत्सवों में दिखेगी पूर्वोत्तर की झलक, 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के तहत हुआ करार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के प्रमुख उत्सवों में अब पूर्वोत्तर के प्रदेशों की झलक देखने को मिलेगी। वहीं उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी और कलाकार पूर्वोत्तर में अपना हुनर दिखाएंगे। अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के साथ उत्तर प्रदेश की सभ्यता-संस्कृति, पर्यटन, शिक्षा और खेलों का आदान-प्रदान होगा। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ योजना के तहत बृहस्पतिवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की मौजूदगी में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय अग्रवाल ने अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के साथ करार किया।
योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्य पिछड़े हुए हैं, जिनके साथ केंद्र सरकार का भावनात्मक जुड़ाव नहीं रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ योजना के तहत उनकी सभ्यता, संस्कृति, शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन, पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों में विकास का मार्ग खोला। शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि मेघालय और अरुणाचल के साथ समन्वय से ज्ञान एवं अनुभव को साझा कर श्रेष्ठ भारत बनाएंगे।
अरुणाचल प्रदेश के पर्यटन एवं नियोजन सचिव डॉ. रोजाम बेदा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ यह पार्टनरशिप आगे चलकर एक बड़े गठबंधन में बढ़ेगी जिससे अरुणाचल का विकास होगा। मेघालय के शिक्षा सचिव डब्ल्यूआर लिंगदोह ने भी विचार रखे। इस अवसर पर नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव संजीव सरन और माध्यमिक शिक्षा निदेशक आरपी सिंह भी मौजूद थे।
करार में खास
पर्यटन
- 31 अक्तूबर से 3 नवंबर तक वाराणसी में गंगा महोत्सव, 25 नवंबर से 5 दिसंबर तक लखनऊ महोत्सव और 18 से 27 फरवरी तक आगरा के ताज महोत्सव में अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कलाकार अपने यहां के परंपरागत कपड़ों का प्रदर्शन करेंगे और व्यंजनों की स्टॉल लगाएंगे।
- यूपी की टीम अरुणाचल और मेघालय का भ्रमण कर वहां के पर्यटन संचालकों की समझ विकसित करेगी।
- 26 जनवरी को तीनों प्रदेश एक-दूसरे राज्य की झांकी प्रदर्शित करेंगे।
संस्कृति
- गोरखपुर में होने वाले लोक कला उत्सव, मथुरा महोत्सव, वृंदावन शरदोत्सव, शरद उत्सव शिलांग, तवांग, मीचूका, पान्गसाऊ पास विंटर उत्सव में कार्यक्रमों के जरिए एक-दूसरे की संस्कृति का आदान-प्रदान।
शिक्षा
- बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा और लखनऊ विश्वविद्यालय, नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी शिलांग और राजीव गांधी यूनिवर्सिटी रोनोहिल डोईमुख के विद्यार्थी और शिक्षक एक-दूसरे संस्थान का शैक्षिक भ्रमण करेंगे।
- वाराणसी, अयोध्या, इलाहाबाद, आगरा एवं मथुरा के माध्यमिक विद्यालयों और मेघालय के विद्यालयों के बीच शिक्षण व्यवस्था और योजनाओं का आदान-प्रदान।
- अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में हिंदी में निबंध और कला प्रतियोगिता का आयोजन।
- उत्तर प्रदेश की संस्कृति, परंपराएं और वनस्पतियों पर पुस्तिका तैयार कर मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के विद्यार्थियों में वितरित की जाएंगी।
- 5 पुरस्कृत पुस्तकों का मेघालय और अरुणाचल प्रदेश की भाषा में अनुवाद किया जाएगा।
खेल
- चेरापूंजी मैराथन दौड़ में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी शामिल होंगे।
- फुटबॉल एवं तीरंदाजी की टीमों का मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में प्रदर्शन कराया जाएगा।