एलडीए वीसी का कड़ा एक्शन: बौद्ध विहार शांति उपवन के प्रबंधक सहित तीन निलंबित, तीन प्रबंधकों का वेतन रोका
एलडीए वीसी अभिषेक प्रकाश, एलडीए सचिव व मुख्य प्रबंधक पवन गंगवार ने तीनों स्मारकों का निरीक्षण किया। जिसके बाद अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने प्रबंधकों पर कड़ा एक्शन लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बौद्ध विहार शांति उपवन को रात नौ बजे तक खोलने की जगह शाम 6:30 बजे ही पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जा रहा था। जबकि एलडीए वीसी व सदस्य सचिव ने पार्कों को नौ बजे तक खोलने का आदेश दे रखा है। ऐसे में यहां तैनात प्रबंधक सहित तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा अंबेडकर पार्क, अंबेडकर पार्क बाह्य क्षेत्र और कांशीराम स्मारक परिसर में रखरखाव ठीक नहीं मिलने पर तीन प्रबंधकों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
शुक्रवार को एलडीए वीसी अभिषेक प्रकाश, एलडीए सचिव व मुख्य प्रबंधक पवन गंगवार ने तीनों स्मारकों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां सफाई के अलावा रखरखाव और पर्यटक सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने घूमने आए पर्यटकों से भी पूछा कि यहां किन सुविधाओं की कमी है, जिसे ठीक किया जाना चाहिए। इसके बाद वीसी ने पेयजल की व्यवस्था के अलावा सभी स्मारकों में कमेंट बॉक्स रखने के आदेश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अंबेडकर पार्क में मेटल डिटेक्टर भी खराब मिला।
आरओ से शोधित पानी की व्यवस्था के अलावा साइनेज की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। कई जगह रंगाई-पुताई, मूर्तियों की पॉलिश के काम में भी लापरवाही मिली, जिसे ठीक करने को कहा गया है। राजकीय निर्माण निगम को भी इसके लिए स्मारक समिति से पत्र जाएगा। नगर निगम को नियमित रूप से कूड़ा उठाने के भी निर्देश दिए।
बर्ड हाउस बनाया जाए
वीसी ने निर्देश दिया है कि पेड़ों पर पक्षियों का प्रवास बढ़ाने के लिए बर्ड हाउस बनाए जाएं। इनकी नियमित सफाई भी हो। भागीदारी रोड पर लगीं मूर्तियों व आस-पास के कामों का भी अनुरक्षण नियमित करने के लिए आदेश दिया गया है।
इन पर हुई कार्रवाई
अंबेडकर पार्क में लापरवाही के लिए आंतरिक क्षेत्र के प्रबंधक यमन हफीज, बाह्य क्षेत्र के प्रबंधक अजय कुमार का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। कांशीराम स्मारक स्थल में गंदगी मिलने पर प्रबंधक मनीष मौर्या, इलैक्ट्रिक अनुभाग के व्यवस्थापक सुनील कुमार का वेतन रोका गया है।
यहां शिफ्ट में काम करा तेजी से सफाई कार्य पूरे करने को भी प्रबंधक को कहा गया है। बौद्ध विहार शांति उपवन में प्रबंधक योगेन्द्र कुमार, सुपरवाइजर देवराज, अभिषेक सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यहां शौचालयों व जनसुविधा परिसर में छह महीने से नलों में पानी नहीं आ रहा था। सुरक्षाकर्मियों के सूचना देने के बाद भी जानबूझकर समस्याओं के निराकरण का प्रयास नहीं किया गया था।
यहां उद्यान के कामों में लापरवाही पर उद्यान व्यवस्थापक इकरार अली का वेतन रोक दिया गया है। वहीं लाइब्रेरी के नोटिस बोर्ड पर गंदगी मिलने पर लाइब्रेरियन गीता का स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्मारक समिति द्वारा इतनी कमियों को देखते हुए प्रबंधक प्रशासन अभिनव सिंह और प्रबंधक अनुरक्षण हिमांशु रंजीत सिंह का भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।