कोटा से वापस लौटे सभी विद्यार्थी होम क्वारंटीन में रखे जाएंगे: अपर मुख्य सचिव गृह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में कोटा, राजस्थान से करीब 10,500 विद्यार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए प्रदेश वापस लाया गया। इन सबकी स्क्रीनिंग करने के बाद होम क्वारंटीन किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से सुरक्षाचक्र टूटने नहीं दिया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव गृह सोमवार को लोकभवन में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि डोर स्टेप डिलीवरी में लगे लोगों की भी जांच की जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ये लोग मास्क लगाकर सामग्री की आपूर्ति करें। बाहर से आने वालों को हर हाल में क्वारंटीन किया जाए। अधिक से अधिक लोगों को ट्रैक करते हुए टेस्टिंग की जाए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 या उससे अधिक कोरोना पॉजिटिव मामलों वाले इलाकों में लॉकडाउन व्यवस्था पूरी तरह जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में अब तक धारा 188 के तहत 24,446 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रदेश में अब तक 20,61,890 वाहनों की सघन चेकिंग में 27,272 वाहन सीज किए गए है। चेकिंग अभियान के दौरान 9 करोड़ 49 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है।
उन्होंने बताया कि तब्लीगी जमात के 2871 लोगों को चिह्नित कर उनका टेस्ट किया गया है। सभी 325 विदेशी व्यक्तियों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें क्वारंटीन किया गया है। तब्लीगी जमात के 45 विदेशी सदस्यों पर एफआईआर दर्ज की गई है और 259 पासपोर्ट जब्त किए गए हैं।
यूपी के आठ जिले कोरोना मुक्त घोषित: प्रमुख सचिव स्वास्थ्य
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक आठ जिले संक्रमण शून्य घोषित कर दिए गए हैं। प्रदेश के 52 जिलों में अब तक 1176 कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं, जिसमें से 1030 मामले सक्रिय हैं। अब तक 129 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब हर रोज 2000 से अधिक सैंपल टेस्ट किए जा रहे हैं। अब तक कुल 31,726 लोगों के सैंपल टेस्ट किए गए हैं जिसमें से 30,550 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 1020 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में और 10336 लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है।