कुंभ जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली गन्ना लदी ट्रॉली से भिड़ी, अलग-अलग हादसों में तीन मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा जिले के वजीरगंज व मनकापुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में दो श्रद्घालुओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। गुरुवार की देर शाम गोंडा-अयोध्या मार्ग के नगवा मोड़ पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से गन्ना लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत हो गई।
इसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं, मनकापुर थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार को एक वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना गुरुवार देर रात की है। थाना कोतवाली देहात के चंदवतपुर के लोग कुम्भ नहाने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली से प्रयागराज जा रहे थे। वजीरगंज थाना क्षेत्र के नगवा मोड़ के पास श्रद्धालुओं की ट्रॉली खड़ी थी। नगवा गांव से ही गन्ना लादकर आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रैक्टर से भिड़ गई।
जिसकी चपेट में आने से झुरई(45) पुत्र मलहू निवासी चन्दवतपुर की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि गम्भीर रूप से घायल रामसमुझ (60) पुत्र तित्तिर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी। इस घटना में एक अन्य घायल भुल्लर(22) का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मौके पर पहुँची पुलिस ने सूचना परिवारीजनों को भेजकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दोनों ट्रैक्टर ट्रालियों को कब्जे में ले लिया है।
बाइक व वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दूसरी ओर मनकापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात बाइक व अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जनपद गोंडा सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उपहितनपुरवा जानकी नगर के रहने वाले अधिवक्ता नरेन्द्र प्रताप शर्मा का बेटा चंद्र प्रताप शर्मा (30) बाइक द्वारा गोंडा से मनकापुर होते हुए अपने चाचा नवल किशोर शर्मा पुत्र जगदम्बा प्रसाद के घर थाना छपिया क्षेत्र के ग्राम पायरखास शीतलगंज गांव जा रहा था।
मनकापुर-मसकनवा मार्ग पर गोसाईं पुरवा गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई जिसमे बाइक के परखच्चे उड़ गए तथा युवक गम्भीर रुप से घायल हो गया। जिसे राहगीरों द्वारा सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक के चाचा नवल किशोर के तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।