पति ने पत्नी का सिर काटकर हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पति सिर लेकर थाने की ओर चल पड़ा। उसकी इस हरकत को देखकर दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर जा रही पुलिस ने रास्ते में ही हत्यारे पति को दबोचकर सिर अपने कब्जे में ले लिया। थाने पर पहुंचे पति के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। उसे कोई विक्षिप्त बता रहा था पर उसकी हरकत से ऐसा नहीं लग रहा था।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी डॉ अरविंद चतुर्वेदी, एएसपी आरएस गौतम ने पुलिस व ग्रामीणों से जानकारी ली। तीन दिनों से चल रहे विवाद में एक दिन पीआरवी पुलिस ने पहुंचकर हत्यारोपी को हिरासत में लिया था। लेकिन इसके बाद उसे समझा बुझाकर छोड़ दिया गया था। शनिवार दोपहर हुई इस वारदात के बाद गांव से लेकर पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जबकि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। (घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी।)
पुलिस के मुताबिक मामला जहांगीरबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव का है। यहां के रहने वाले अखिलेश रावत पुत्र पलटू रावत का विवाह थाना सतरिख क्षेत्र के देवकहा पारा कुंवर गांव निवासी रामगोविंद की बेटी रंजना (22) के साथ दो साल पहले हुआ था। शादी के बाद एक बेटी ने जन्म लिया जिसकी बाद में मौत हो गयी थी। आरोपी युवक अखिलेश की मां लज्जावती व बहन पूजा के मुताबिक शुक्रवार देर रात अखिलेश व उसकी पत्नी रंजना के बीच काफी विवाद हुआ इस दौरान इन दोनों ने सास, ससुर व बहन को मारपीट कर घर से भगा दिया। (घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी।)
इसके बाद शनिवार दोपहर दंपती के बीच एक बार फिर से हुए विवाद के बाद युवक ने अचानक हंसिया से हमलाकर पत्नी का गला रेत कर धड़ से सिर अलग कर दिया और सिर लेकर थाने चल दिया। इस दौरान जब ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को बताया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने थाने से कुछ दूर पहले आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी अखिलेश ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि उसकी पत्नी इंसान नही राक्षस थी इसी के चलते उसने उसकी हत्या की है। इसके अलावा तामाम कोशिश के बाद भी वह कुछ नहीं बता रहा था। थाने में बस सीता राम सीता कह रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
तीन दिन से दंपती के बीच चल रहा था विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक दंपति आपस मे बहुत प्यार से रहते थे। वैवाहिक जीवन में कभी तकरार तक नहीं हुई। लेकिन इस बीच बीते तीन दिनों से इस दंपती के घर में काफी हंगामा हो रहा था। तीन दिन पहले दंपती के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को भी बुला लिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया था और रात भर थाने पर रखकर अगले दिन उसे समझा बुझाकर छोड़ दिया गया था। इसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।