रायबरेली: चूल्हे में खाना बनाने के विवाद में जेठ ने महिला को गड़ासे से काट डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायबरेली के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात तेलियानी गांव में चूल्हे से खाना बनाने की जिद पर अड़े जेठ ने महिला को गड़ासे से काट डाला। पहले बाल पकड़कर महिला को घसीटा और फिर उसने वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर आरोपी जेठ को गिरफ्तार कर लिया। बताते हैं कि आरोपी जेठ नशा भी करता है।
तेलियानी गांव निवासी राम सुमेर की पत्नी मोनी (22) घर में रात में अपने जेठ धुन्नीलाल को खाना परोस रही थी। जेठ ने गैस पर खाना बनाने से मना करते हुए कहा कि चूल्हे में खाना बनाया करो, जिसको लेकर दोनों में मामूली कहासुनी हो गई और खाना खाकर जेठ धुन्नीलाल अपने कमरे में चला गया।
जब मोनी खाना खाने जा रही थी कि तभी अचानक धुन्नीलाल पीछे से आकर मोनी के बाल पकड़ कर पहले घसीटा और फिर गड़ासे से उसके गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे मोनी की मौके पर ही मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने भाग रहे हत्या आरोपी धुन्नीलाल को पकड़ लिया। महिला को सीएचसी भी पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि पति रामसुमेर की तहरीर पर जेठ को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो माह पूर्व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में हुई थी दोनों की शादी
दो माह पूर्व डलमऊ ब्लॉक परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मोनी और रामसुमेर का विवाह हुआ था। रामसुमेर तीन भाई हैं। इसमें सबसे छोटा भाई उमेश बाहर रहता। धुन्नीलाल सबसे बड़ा भाई है। रामसुमेर किसानी कर सब्जियां बेचा करता है।
आठ माह पूर्व उसका प्रेम प्रसंग मोनी से हो गया। धीरे-धीरे बात शादी तक आ पहुंची। दोनों के घरवाले इस बात से राजी नहीं थे। इस पर मोनी और रामसुमेर ने घर से भागकर दो माह पूर्व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम में शादी कर ली। यह बात रामसुमेर के बड़े भाई को टीस की तरह चुभने लगी।
मोनी के हर काम में धुन्नीलाल कमियां निकालता था
मोनी घर के कामकाज अच्छी तरह करती थी, जिसको लेकर घर के सभी लोग उसकी प्रशंसा करते रहते थे। धुन्नी मोनी के हर काम में कमियां निकाला करता था। रविवार को खाना बनाने को लेकर धुन्नी और मोनी में विवाद हुआ, जिस पर रामसुमेर ने अलग होने की बात कहीं। उसी दिन सारा सामान भी रामसुमेर बाजार से खरीद लाया था।
सोमवार को रात के समय मोनी ने खाने में दाल चावल बनाया। जिस पर धुन्नीलाल ने खाने को गैस चूल्हे के बदले चूल्हे में बनाने की बात कही, जिस पर विवाद बढ़ता ही चला गया। इसी बीच गुस्से में आकर धुन्नी ने मोनी पर बांके से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।