लखनऊ: हिस्ट्रीशीटर पर किया जानलेवा हमला, हड़कंप
राजधानी लखनऊ के बाजार खाला क्षेत्र के एक युवक ने साथियों की मदद से शनिवार रात अपने हिस्ट्रीशीटर चाचा की हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर पर हमला बोला और उसे गोली मारकर घायल कर दिया। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
चीखपुकार व गोली चलने की आवाज पर दौड़े नागरिकों ने घेराबंदी की और पुलिस ने तीनों आरोपियों को असलहों समेत दबोच लिया।
इंस्पेक्टर बाजार खाला चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि मोहल्ला खजुहा निवासी हिस्ट्रीशीटर अजय कालिया उर्फ अजय प्रजापति शनिवार रात ऐशबाग स्थित मंदिर से घर लौट रहा था। इस बीच मोहल्ले के ही अंशु यादव, करन यादव, सोनू यादव व विजय पंडित ने उसकी बाइक रोकी और हमला बोल दिया। अजय शोर मचाते हुए भागा।
इस पर हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। पीठ पर गोली लगने से घायल अजय सड़क पर गिरा ही था कि चीख व फायर की आवाज सुनकर उसके परिवारीजन व आसपास के लोग दौड़े। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
आपसी रंजिश के साथ ट्रस्ट की जमीन पर भी विवाद
घनी आबादी वाले मोहल्ले में गोली चलने की सूचना पर खजुहा चौकी इंचार्ज अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंचे। बाजार खाला कोतवाली व ऐशबाग चौकी से भी फोर्स पहुंच गई। घायल अजय को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
तहकीकात में सामने आया कि अंशु के चाचा हिस्ट्रीशीटर राम सिंह की वर्ष 2000 में हत्या कर दी गई थी। इसमें अजय कालिया समेत तीन लोग गिरफ्तार किए गए थे। इसके बाद से दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी।
सूत्रों ने जानकारी दी कि अजय के परिवारीजनों व आसपास के लोगों की घेराबंदी के चलते तीनों हमलावर भागने में नाकाम रहे। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।
जमीन पर कब्जे का झगड़ा
इलाके के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि अजय की अंशु से वर्चस्व की जंग के साथ एक ट्रस्ट की जमीन पर कब्जे को लेकर एक स्थानीय नेता से तनातनी चल रही थी।