मामूली चोर ने दरोगा को गोली मारकर साथी को छुड़ा लिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में अब मामूली चोरों के मन में भी पुलिस की वर्दी और कानून का खौफ नहीं रहा। रविवार आधी रात के बाद सरोजनीनगर में प्रोन्नत दरोगा राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी (50) को गोली मारने की दुस्साहसिक वारदात इसका जीता-जागता उदाहरण है।
राजेंद्र बदालीखेड़ा बीट के इंचार्ज हैं और गश्त से लौटते वक्त एक ज्वैलरी शॉप का ताला तोड़ रहे बदमाशों से भिड़ गए थे। बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और भाग गए। गोली राजेंद्र के पेट के बायीं तरफ लगी है।
मूलरूप से प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी राजेंद्र ने बताया कि रात करीब सवा तीन बजे गश्त करके वह बाइक से आशियाना के डी-वन स्थित घर लौट रहे थे। हिंदनगर में दो बदमाशों को विश्वकर्मा ज्वैलर्स के शोरूम का ताला तोड़ते वह रुक गए।
उन्होंने बदमाशों को ललकारा तो दोनों बाइक से भागने लगे। राजेंद्र पैदल ही उनके पीछे दौड़ पड़े। करीब 50 मीटर दौड़ाकर उन्होंने बदमाशों को दबोच लिया। उनकी बदमाशों से गुत्थम-गुत्था हुई।
दरोगा को गोली मारकर साथी को छुड़ा लिया
एक बदमाश को राजेंद्र ने पकड़ लिया जबकि दूसरा भाग निकला। साथी को भागते देखकर बदमाश ने मदद मांगी। वह लौटा और राजेंद्र को तमंचे से गोली मारकर साथी को छुड़ा लिया। लहूलुहान राजेंद्र जमीन पर गिर पड़े जबकि बदमाश भाग निकले।
राजेंद्र ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से उन पर एक फायर भी किया लेकिन वह बच निकले। इसके बाद घायल राजेंद्र ने मॉडर्न कंट्रोल रूम फोन कर वारदात की सूचना दी।
मौके पर पहुंची कृष्णानगर और सरोजनीनगर ने राजेंद्र को लोकबंधु अस्पताल ले गई जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
राजेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। दुस्साहसिक वारदात की जानकारी पाकर आईजी ए. सतीश गणेश, एसएसपी राजेश कुमार पांडेय, एएसपी पूर्वी शिवराम यादव सहित अन्य अधिकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और हालचाल लिया।