खेल-खेल में बच्चे ने गर्दन पर मारा कांच, मौत
गोमतीनगर की बड़ी जुगौली में पुताई करने वाले रामकरन के चार वर्षीय बेटे अनित की खेल-खेल में जान चली गई। अनित बुधवार दोपहर पड़ोस के हमउम्र दोस्तों के साथ सड़क पर खेल रहा था।
बच्चे लड़ाई-झगड़े का खेल खेलने में जुटे थे। इसी दौरान अनित के पांच वर्षीय साथी ने कांच का टुकड़ा हाथ में लेकर उसकी गर्दन पर मार दिया।
अनित की गर्दन की नस कट गई और खून का फव्वारा फूट पड़ा। घबराए बच्चे उसे छोड़कर भाग गए। कुछ देर बाद उसकी बुआ कुसुमा नीचे आईं तो उसे खून से लथपथ पड़ा देखा। चीख-पुकार सुनकर रामकरन व उनकी पत्नी बबली भी आ गईं।
गंभीर हालत देख चिकित्सक भी पीछे हटे
अनित को तुरंत लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों में हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
गोमतीनगर एसओ श्याम बाबू शुक्ला का कहना है कि परिवारीजनों ने इसे हादसा बताया है।
कई घरों में नहीं जला चूल्हा
अनित इकलौता बेटा था। बबली ने बताया कि उससे बड़ी दो बेटियां हैं। वह दिनभर बेटे को याद कर रोती रही। अनित की मौत से बस्ती में मातम पसरा रहा। यहां कई लोगों के घरों में चूल्हा नहीं जला।