हाईस्कूलों में होगी 7 हजार शिक्षकों की भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश में खोले जा रहे राजकीय हाईस्कूलों में 7000 शिक्षकों की भर्ती होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
इसके लिए जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन लिया जाएगा। मॉडल स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न पर शिक्षा दी जाएगी।
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने सोमवार को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान परिषद शासी निकाय की बैठक में ये जानकारियां दीं।
मुख्य सचिव ने कहा कि शैक्षिक दृष्टि से पिछडे़ 680 विकास खंडों में माध्यमिक स्तर की शिक्षा लेने वाली छात्राओं के लिए केंद्रीय मदद से छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा।
स्कूलों के घटिया निर्माण पर होगी कार्रवाई
मुख्य सचिव ने माध्यमिक शिक्षा अभियान में बनने वाले स्कूलों का निर्माण मानक के अनुसार समय से पूरा कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसियों के उपयोगिता प्रमाण पत्र देने पर दो सप्ताह में पैसे दे दिए जाएंगे। अधीक्षण व अधिशासी अभियंता स्वयं निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे जिससे स्कूलों के निर्माण में कोई कमी न रहे।
स्कूलों का घटिया निर्माण होने पर संबंधित निर्माण एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य सचिव ने कहा कि 193 मॉडल स्कूलों में जल्द पढ़ाई शुरू करा दी जाए।
इन भर्तियों पर फंसा है पेंच
भले ही मुख्य सचिव आलोक रंजन ने राजकीय हाईस्कूलों में 7000 शिक्षकों की भर्ती की बात कही हो लेकिन 72825 शिक्षकों की भर्ती पर सरकार की लापरवाही के के कारण अभी भी अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति को लेकर आश्वस्त नहीं है।
शिक्षक भर्ती के लिए जारी हुई टीईटी की मेरिट की गड़बड़ियां सुधरवाने की अंतिम तिथि बढ़ने के बावजूद अभ्यर्थियों की मुसीबतें कम नहीं हुई हैं।
भर्ती के लिए जारी हुई मेरिट पहले से वेबसाइट डाउन होने के कारण नहीं खुल रही थी वहीं अब फीडिंग में हुई गलतियों के लिए प्रत्यावेदन भेजने को लेकर भी बवाल जारी है, जिसके बाद फिर प्रत्यावेदन भेजने की अंतिम तारीख 15 जुलाई से 21 जुलाई कर दी गई है।
इस तरह की गलतियां हो रही भर्ती प्रक्रिया में
गौरतलब है कि शिक्षक भर्ती के लिए जारी हुई मेरिट लिस्ट में भारी गड़बड़ियां सामने आई थीं। जिसे लेकर अभ्यर्थी परेशान हो रहे है। प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती-2011 के लिए एटा जिले में आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों की जन्म तिथि एक ही है। ज्यादातर अभ्यर्थियों के पिता का नाम है ही नहीं।
शिक्षक भर्ती के लिए जारी मेरिट सूची में ऐसी खामियों की भरमार है। एक-एक अभ्यर्थी ने चालीस-चालीस जनपदों में आवेदन किया है। ऐसे में हर जिले में त्रुटि संशोधन के लिए प्रत्यावेदन देने में अभ्यर्थी परेशान हो रहे हैं।
यहां तक की एटा जिले की मेरिट सूची में 99 फीसदी अभ्यर्थियों की जन्म तिथि 12 जून 1987 दर्ज है। पहले पांच स्थानों पर तो अभ्यर्थियों के नाम ही नदारद हैं।