यूपी में 20 आईएएस समेत 204 अफसरों का तबादला
यूपी की अखिलेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सोमवार को 20 आईएएस अफसरों और 22 जिलों के कप्तान समेत सूबे के 204 अफसरों को इधर से उधर कर दिया। इनमें 62 आईपीएस अफसर, 96 पीसीएस अफसर व 26 पीपीएस अफसर शामिल हैं।
अलीगढ़, वाराणसी व शाहजहांपुर में नए डीएम की तैनाती की गई है जबकि देवीपाटन, लखनऊ व आजमगढ़ मंडल में नए कमिश्नर की तैनात किए गए है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में प्रमुख सचिव द्वितीय टी. वेंकटेश को लखनऊ का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
महेश गुप्ता के हटने के बाद से लखनऊ के मंडलायुक्त का पद खाली चल रहा था। वहीं, बिजली के मोर्चे पर बेहतर नतीजे देने वाले प्रमुख सचिव ऊर्जा व बिजली निगमों के चेयरमैन संजय अग्रवाल का कद बढ़ाते हुए सरकार ने उन्हें अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास की भी कमान सौंप दी है।
हाल ही में लखनऊ के मंडलायुक्त व अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव पद से हटाए गए महेश गुप्ता मनचाही पोस्टिंग पाने में नाकाम रहे। वेटिंग में चल रहे महेश गुप्ता को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
इनकी इन जगहों पर हुई नियुक्ति
कुछ समय पहले ही चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव मुरली मनोहर लाल को देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया था। उनके स्थान पर अब नियंत्रक बांट-माप सुधीर कुमार दीक्षित को देवीपाटन का मंडलायुक्त बनाया गया है।
गृह एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मणि प्रसाद मिश्रा को आजमगढ़ का नया कमिश्नर बनाया गया है। अलीगढ़ के डीएम बलकार सिंह को हटाकर वेटिंग में डाल दिया गया है।
उनके स्थान पर वाराणसी के डीएम राजमणि यादव को भेजा गया है। शाहजहांपुर के डीएम विजय किरन आनंद को इसी पद पर वाराणसी भेजा गया है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की विशेष सचिव व निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण पुष्पा सिंह को शाहजहांपुर का नया डीएम नियुक्त किया गया है। ग्राम्य विकास विभाग के सचिव अजय कुमार उपाध्याय को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है। प्रभात मित्तल की उच्च शिक्षा आयोग में तैनाती के बाद से यह पद रिक्त चल रहा था।