यूपी: 24 घंटे में 15,622 नए कोरोना संक्रमित मिले, लखनऊ में सीएमओ व एसीएमओ समेत पांच पॉजिटिव
यूपी कोरोना टेस्टिंग और टीकाकरण में देश के अन्य राज्यों से काफी आगे है। यह देश के किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टेस्टिंग-टीकाकरण है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं पर कोविड टीकाकरण और टेस्टिंग में प्रदेश देश में अन्य राज्यों में सबसे आगे है। बीते 24 घंटों में 02 लाख 16 हजार 152 कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 15,622 नए कोरोना पॉजिविट पाए गए। इसी अवधि में 12,402 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। वर्तमान में कुल एक्टिव केस की 01 लाख 06 हजार 616 है। इनमें से 01 लाख 02 हजार 211 लोग घर पर ही उपचाराधीन हैं। बहुत कम संख्या में लोगों को अस्पताल की जरूरत पड़ रही है। प्रदेश में अब तक कोविड टीके की 23 करोड़ 15 लाख 37 हजार से अधिक डोज लगाई जा चुकी है। जबकि 09 करोड़ 63 लाख से अधिक टेस्टिंग हो चुकी है। यह देश के किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टेस्टिंग-टीकाकरण है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को टीम 9 की बैठक में निर्देश दिया कि आगामी 23 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में पुख्ता तैयारियां कर ली जाएं। कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन हो। हर केंद्र पर मास्क, सैनिटाइजर, इंफ्रारेड थरमामीटर की उपलब्धता होनी चाहिए। परीक्षा केंद्र निर्धारण में संस्थान के पिछले रिकॉर्ड को जरूर देखें। दागी व संदिग्ध छवि वाले संस्थानों को केंद्र कतई न बनाएं। परीक्षा की शुचिता के दृष्टिगत अपर मुख्य सचिव गृह और एडीजी कानून-व्यवस्था, प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा के साथ जिलाधिकारियों, बेसिक शिक्षा अधिकारियों व परीक्षा आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर व्यवस्थाओं की पड़ताल करें।
योगी ने कहा कि शीतलहर और कोविड को देखते हुए असहाय, निराश्रित लोगों, अकेले रह रहे बुजुर्ग जनों, दिव्यांगजनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। रैन बसेरों में समुचित प्रबंध रखे जाएं। पुलिस, राजस्व और नगर विकास और स्वास्थ्य विभाग की टीम इनके समुचित इलाज, भोजन आदि की व्यवस्था जरूर करे। ऐसे व्यक्ति यदि संक्रमित होते हैं तो उनके साथ अतिरिक्त संवेदनशीलता का भाव रखा जाना अपेक्षित है।
प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के 93.90 फीसदी लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है, जबकि 59.20 फीसदी से अधिक लोग कोविड टीके की दोनों डोज ले चुके हैं। विगत दिवस तक 15-17 आयु वर्ग के लगभग 39 फीसदी किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है और 04 लाख 09 हजार पात्र लोगों को प्री-कॉशन डोज भी मिल चुकी है। यथाशीघ्र सभी पात्र लोगों का वैक्सीनेशन किया जाए। जिनकी दूसरी डोज बकाया हो, उनकी सूची तैयार कर संपर्क-संवाद बनाएं और टीकाकवर दिलाएं। किशोर टीकाकरण में धीमी गति वाले जिलों से संवाद बनाएं। स्कूल व कॉलेजों में कैम्प लगाएं।
कहां कितने मिले मरीज
लखनऊ में 2716, गौतमबुद्ध नगर में 2154, गाजियाबाद में 1281, मेरठ में 968, वाराणसी में 441, आगरा में 598, मुरादाबाद में 323, कानपुर नगर में 397, मुजफ्फरनगर में 471, गोरखपुर में 296, प्रयागराज में 273, मथुरा में 276, बुलंदशहर में 414, सहारनपुर में 255, बरेली में 207, रामपुर में 260, अलीगढ़ में 209, बिजनौर में 130, रायबरेली में 202, मैनपुरी में 102, बदायूं में 155, हरदोई में 145, अमरोहा में 146, लखीमपुर खीरी में 191, फिरोजाबाद में 172, इटावा में 102 मरीज मिले हैं। अन्य जिलों में 100 से कम मरीज हैं।
कोरोना के 261 मरीज मिले, एक्टिव केस 1754 हुए
कोरोना वायरस का संक्रमण बेकाबू रफ्तार से झांसी जिले में अपना दायरा बढ़ा रहा है। सोमवार को 3463 नमूनों की जांच में 261 में इस महामारी का संक्रमण पाया गया। इसके साथ ही एक्टिव केस बढ़कर 1754 हो गए हैं। इनमें से 61 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि बाकी होम आइसोलेशन में हैं।
अफसरों के संपर्क में आने वाले लोगों की हो रही जांच
सीएमओ कार्यालय में भी कोरोना ने अपना पांव पसार लिए हैं। सीएमओ, एडिशनल सीएमओ समेत कई बाबू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी होम आइसोलेशन में हैं। आरआर टीम कार्यालय के सभी कर्मचारियों की जांच करवा रही है। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि इससे पहले एडिशनल सीएमओ डॉ. आरबी सिंह भी पॉजिटिव हो चुके हैं। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अभिलाषा मिश्रा, सीएमओ के स्टाफ की महिला बाबू, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मिलाकर पांच लोग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को कोरोना के हल्के लक्षण हैं। खांसी व बुखार आने पर जांच कराई, जो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी होम आइसोलेशन में हैं। सीएमओ के संपर्क में आने वाले कर्मचारी व अफसर जांच करवा रहे हैं।
अफसर-स्टाफ मिलाकर 50 से अधिक संदेह के घेरे में
सीएमओ कार्यालय में अफसर-बाबू व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मिलाकर करीब 50 से अधिक लोग कार्यरत हैं। सभी कर्मचारी सीएमओ समेत दूसरे अफसरों के संपर्क में थे। ऐसे में सभी कर्मचारी भी संदेह के घेरे में हैं। सभी की जांच कराई जा रही है।
एडिशनल सीएमओ को दिया कार्यभार
सीएमओ डॉ. मनोज के पॉजिटिव होने बाद उनकी जगह पर एडिशनल सीएमओ डॉ. आरके चौधरी को कार्यभार सौंपा गया है। सीएमओ के लौटने के बाद वह मूल पद पर वापसी करेंगे।
बगैर मास्क 52 यात्रियों का चालान
लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बगैर मास्क घूमना यात्रियों को भारी पड़ गया। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की डीआरएम डॉ. मोनिका अग्निहोत्री के निर्देश पर सोमवार को जंक्शन पर ऑपेरशन चक्रव्यूह टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 670 लोग बिना टिकट धरे गए। इसके अलावा 52 यात्री बगैर मास्क पकड़े गए, जिनसे जुर्माना वसूला गया। इस दौरान यात्रियों से संवाद करते हुए 200 मास्क का वितरण किया गया।