लखनऊ। डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर के 65वें वार्षिकोत्सव और श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव का समापन शुक्रवार को हुआ। श्री रामस्वरूप महाराज मेमोरियल पुरस्कार समारोह में दस विभूतियों को शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, खेल और आध्यात्मिक क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान ने उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट किए। सम्मानित होने वालों में मंजरी उपाध्याय, अवधेश मिश्रा, अशोक पांडेय, सोमनाथ कश्यप, अबु हुबैदा, डॉ. एसके तिवारी, अनिल बसिन, रुपेश अग्रवाल, प्रियंक गुप्ता, अन्नपूर्णा आचारी और डॉ. शिलावंत सिंह शामिल थे। भगवान श्री जगन्नाथ के महाभोग और महाप्रसाद में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। स्वाध्य मिश्रा ने लोकनृत्य और भजन गायक धनंजय मिट्ठूल ने भजन प्रस्तुत किए। भंडारे में हजारों भक्तों और 200 से अधिक साधु-संतों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। अध्यक्षता बिहारी लाल साहू ने की। इस अवसर पर मंदिर समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता, ओमकार जायसवाल, घनश्याम दास अग्रवाल, गोविंद साहू, राकेश साहू आदि लोग मौजूद रहे।