'यूपी में फंसे लोगों को अगर गृहराज्य की सरकारें बुलाती हैं तो सहयोग करेंगे'
यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण प्रभावित पीलीभीत, हाथरस, महराजगंज, लखीमपुर खीरी, बरेली, प्रयागराज, बाराबंकी, शाहजहांपुर, हरदोई और कौशाम्बी सहित कुल 10 जिले कोरोना मुक्त घोषित हो चुके हैं।
अपर मुख्य सचिव गृह बुधवार को लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में मीडियाकर्मियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2 जिले पहले से ही कोरोना मुक्त हैं। इस प्रकार वर्तमान में प्रदेश के कुल 32 जिले कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि कोरोना संक्रमण से मुक्त जिलों में भी पूरी सतर्कता एवं सभी सावधानियां बरती जाएं और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी दशा में सुरक्षा चक्र टूटने न पाये।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 12,027 ईंट भट्ठों में लगभग 12 से 15 लाख श्रमिक कार्यरत हैं। 6,980 औद्योगिक इकाइयों में लगभग 1.25 लाख लोग काम कर रहे हैं। 119 चीनी मिलों में लगभग 60 हजार मजदूरों को काम मिला है। मनरेगा के श्रमिकों को कार्य मिला है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों तथा शासन के नियमों का पालन करते हुए कोरोना से अप्रभावित जनपदों में औद्योगिक इकाइयों का संचालन कराया जाए। इसके तहत भट्ठों से ईंट तथा बालू, मोरंग तथा सरिया लाने ले जाने की अनुमति दी जाए।
'यूपी में फंसे लोगों को अगर गृहराज्य की सरकारें बुलाती हैं तो सहयोग करेंगे'
अपर मुख्य सचिव गृह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों के प्रदेश में फंसे लोगों को यदि उनके गृह राज्य की सरकार वापस बुलाने का निर्णय लेगी तो प्रदेश सरकार इसकी अनुमति प्रदान करते हुए ऐसे लोगों को वापस भेजने में सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि रमजान का महीना प्रारम्भ हो रहा है, इस अवधि में विशेष सावधानी बरती जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सहरी व इफ्तारी के समय किसी भी प्रकार से भीड़ न एकत्र होने पाए।
वहीं, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश के 53 जिलों से अब तक 1,412 कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं, जिसमें से 43 जनपदों में 1,226 मामले एक्टिव हैं। अब तक 165 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। अब तक 37,490 लोगों के सैम्पल टेस्ट किए गए जिसमें से 36,078 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।