West UP News Live: बागपत में दो पक्षों में फायरिंग, 10 अस्पतालों की ओटी सील, हादसे में महिला-बच्चे की मौत
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। रविवार को छुट्टी वाले दिन मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा से दोगुने वाहन गुजरे। पढ़ें पश्चिमी यूपी की ताजातरीन खबरें।
लाइव अपडेट
सोनीपत जनपद में यमुना पुल के पास दुर्घटना में बागपत की एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई। बताया गया कि मृतक बागपत के गौरीपुर के रहने वाले थे। हरियाणा की तरफ से पशुओं के लिए चारे के लिए घांस लेकर आते हुए यह हादसा हुआ। महिला का शव को सोनीपत और बच्चे के शव को बागपत पोस्टमार्टम हाउस लाया गया। इनके अलावा एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
शामली में जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंजू जोधा को फोन पर धमकी दी गई और अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया। फोन करने वाले ने जिला अस्पताल से हटाए गए आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारी को बहाल करने का दबाव बनाया। सीएमएस ने आदर्श मंडी थाने पर तहरीर दी है और डीएम व एसपी को भी अवगत कराया गया है।
पारुल चौधरी ने एशियन गेम्स में 3000 मीटर स्टीपल चेज में फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र के अस्पतालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने 10 अस्पतालों की ओटी को सील कर दिया। इसके अलावा टीम ने दो को नोटिस जारी किया है।
बिजनौर जनपद के चांदपुर में नगर के अस्पतालों में आए दिन हो रही घटनाओं व अस्पतालों में बरती जा रही अनियमित्ताओं को देखते हुए उपजिलाधिकारी रितु रानी ने सोमवार को एसडीएम कक्ष में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की एक बैठक की। बैठक में एसडीएम रितु रानी के नेतृत्व में चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों का निरीक्षण के लिए टीम का गठन किया गया। उपजिलाधिकारी रितु रानी ने बताया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी केपी सिंह ने पुलिस व टीम के साथ मिलकर नगर क्षेत्र के करीब 13 अस्पतालों का निरीक्षण किया। जिसमें से 10 अस्पतालों की ओटी सीज की कार्रवाई की गई। दो अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया।
एक अस्पताल में व्यवस्था ठीक पाई गई। एसडीएम ने बताया कि अस्पतालों में बिना चिकित्सकों के ऑपरेशन करने की शिकायतें मिल रहीं थीं। कुछ दिनों पूर्व अस्पतालों में जच्चा-बच्चा की मौत की शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अस्पतालों का निरीक्षण किया है। एसडीएम ने कहा कि अवैध रूप से अस्पतालों का संचालन करने नहीं दिया जाएगा।
बागपत में रमाला के किशनपुर बराल में दो युवकों के बीच हुई फायरिंग में गोली लगने से एक महिला घायल हो गई। जिसका परिजनों ने बड़ौत सीएचसी में उपचार कराया, जहां से महिला की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में घायल महिला के बेटे ने अज्ञात के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
किशनपुर बराल गांव में रहने वाले दो युवकों में सोमवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसमें दोनों युवकों ने एक-दूसरे को भुगत लेने की धमकी दी। जिसके थोड़ी देर बाद दोनों फिर आमने-सामने आ गए और मारपीट होने लगी। तभी दोनों युवकों ने एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। जिनका शोर सुनकर पड़ोसी महिला मंजू अपने घर की खिड़की से देखने लगी। बताया कि तभी मंजू को गर्दन से नीचे गोली लग गई। महिला को गोली लगते ही दोनों युवक भाग गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला का सीएचसी बड़ौत में उपचार कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने दिल्ली के अस्पताल में घायल महिला का उपचार कराया। उधर, थाना प्रभारी शिवदत्त ने बताया कि घायल महिला के बेटे अंकुर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद की टीम ने बिजनौर में नगीना चकबंदी विभाग में तैनात लेखपाल जगपाल सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगहाथ पकड़ा। टीम ने लेखपाल को पुलिस को सौंप दिया है।
बताया गया कि भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद की टीम नगीना थाने में आरोपी लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।
मुजफ्फरनगर के पुनीत ने चीन में चलाई चांदी की नाव
चीन के हांगझोऊ में शुरू हुए 19वें एशियाई खेलों में काकड़ा के दिलेर खिलाड़ी पुनीत कुमार ने नौकायन की टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। कामयाब पर गांव में जश्न का माहौल है।
सोमवार को भी पुनीत दूसरी स्पर्धा में भाग लेगा। गृहिणी माता सुमन देवी का कहना है कि इस बार स्वर्ण की उम्मीद है, पुनीत ने अच्छी तैयार की है। पिता ने बताया कि पुनीत 2013 में सेना में हवलदार के पद पर भर्ती हुआ था। सेना की ओर से खेलने का मौका मिला, इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक पदक जीते। एक बहन पूजा की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन आरती अविवाहित है।
पिछले साल एशियन चैंपियनशिप में जीता था कांस्य
पिछले साल पुनीत ने थाईलैंड में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर कांस्य पदक हासिल किया था। पुनीत अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आठ पदक जीत चुका है। पुनीत ने जैसे ही चीन में पदक जीता, लोग उनके आवास पर बधाई देने पहुंचे। ग्रामीणों ने नौकायन खिलाड़ी के प्रदर्शन की सराहना की।
सहारनपुर में विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगे आठ लाख
सहारनपुर जनपद के बड़गांव थानाक्षेत्र के गांव उमरी मजबता निवासी ग्रामीण पवन ने हरियाणा के एक युवक पर विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर आठ लाख रुपये हड़पने का आरोप लगते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि एक वर्ष पूर्व कस्बा बड़गांव में हरियाणा जनपद करनाल के थाना घरौंड़ा क्षेत्र के गांव अराईपुरा निवासी युवक से मुलाकात हुई थी। उसने बताया कि इटली में युवाओं को नौकरी के लिए भेजता है। जहां एक लाख रुपये प्रति माह वेतन मिलता है। उसके झांसे में आकर अपने बेटे अभिमन्यु की इटली में नौकरी लगवाने के नाम पर उसने आरोपी को आठ लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने उसके बेटे के कागजात तैयार कराकर धोखे से इटली के बजाय अजर बेजान भेज दिया। वहां उसके बेटे की कई माह तक नौकरी नहीं लगने के कारण उसके पास खर्च के पैसे भी खत्म हो गए। पीड़ित ने बड़ी मुश्किल से दो लाख रुपये खर्च कर बेटे को वापस बुलाया। पीड़ित ने अपने रुपये वापिस दिलाने की मांग की है।
बागपत में उधार दिए रुपये वापस मांगने पर चाकू से हमला
बागपत के खेकड़ा थानाक्षेत्र की लाइनपार बस्ती निवासी साहिल ने कोतवाली में शिकायत कर बताया कि पड़ोसी ने कुछ दिन पहले उससे छह हजार रुपये उधार लिए थे, लेकिन अब तक रुपये वापस नहीं दिए।
रविवार को रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर उसके पैर में चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राकेश शर्मा का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट कर सोने के जेवर ले जाने का आरोप
रटौल निवासी जावेद ने कोतवाली में शिकायत कर बताया कि शनिवार शाम वह परिवार के साथ मकान में बैठा था, तभी पड़ोस में रहने वाले परिवार के करीब दस लोग हाथों में डंडे लेकर उनके घर में घुस गए। उन्होंने उसपर व परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। आरोप लगाया कि मकान में रखे एक लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के जेवर भी ले गए। आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर उन्हें बचाया। कोेतवाली प्रभारी राकेश शर्मा का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ के दौराला में पुलिस की गोतस्करों से मुठभेड़
मेरठ के दौराला थानाक्षेत्र के रुहासा गांव में रजबहे की पटरी पर सोमवार सुबह दौराला पुलिस और एसओजी टीम की गो तस्करों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो गोतस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने पशु कटान के औजार बरामद किए। पुलिस ने घायल गो तस्करों के एक अन्य साथी को भी पकड़ लिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी दौराला में उपचार के लिए भर्ती कराया।
दौराला थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि दौराला थाना क्षेत्र के रूहासा गांव की रजबहे की पटरी के पास तीन गो तस्कर खड़े हैं। थाना पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और गो तस्करों की घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर तीनों गोतस्कर भाग निकले। गो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो गो तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों तस्करों को पकड़ लिया। पुलिस ने तस्करों के पास से कटान के औजार, एक बाइक, तमंचा, दो चाकू बरामद किए।
मेरठ में रविवार को नौ महिलाओं और तीन बच्चों समेत डेंगू के 16 नए मरीज मिले। ये मरीज अब्दुल्लापुर, ब्रह्मपुरी, जाहिदपुर, दौराला, जयभीमनगर, कंकरखेड़ा, खरखौदा, कुंडा, मलियाना, पल्हेड़ा, पुलिस लाइंस, रजबन, राजेंद्र नगर, सरधना और तहसील के रहने वाले हैं। अब तक इस साल जिले में 325 मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में चिकित्सक एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं। घर या अपने आसपास पानी भरा न रहने दें। खासकर शुगर, हृदय रोगियों, बच्चों और गर्भवतियों को चेताया जा रहा है। इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। इस कारण डेंगू इन पर जल्दी हमला करता है।