West UP News Live: बिजनौर में निर्माणाधीन भवन की छत गिरने से दो मजदूर दबे, एक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
लाइव अपडेट
चलती ट्रेन से उतरते समय पैर फिसलने से महिला की मौत
शामली रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरते समय पैर फिसल जाने से 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला ट्रेन की चपेट में आकर गर्दन कटकर धड़ से अलग हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना भिजवाई।महिला के साथ उसका पुत्र और पुत्री थी। पुत्र मानसिक रूप से बीमार था, उसे दवा दिलवाकर महिला दिल्ली से शामली ट्रेन से आ रही थी। पुत्र स्टेशन पर चलती ट्रेन से कूद गया था। उसे पकड़ने के लिए महिला चलती ट्रेन से उतरते समय हादसे का शिकार हो गई।
सहारनपुर में स्पीड ब्रेकर पर एक्टिवा अनियंत्रित हुई, डॉक्टर के भाई की मौत
शहर के दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पंकज खन्ना के भाई पुनीत खन्ना शुक्रवार की रात एक्टिवा से घर जा रहे थे।
चकरोता रोड पर बागेश्वर मंदिर के पास स्पीड ब्रेकर पर एक्टिवा अनियंत्रित होकर गिर गया। इससे वह भी सड़क पर गिर गए। आसपास लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। लोगों ने स्पीड ब्रेकर की बनावट और ऊंचाई पर सवाल उठाए है। उनका कहना है कि स्पीड ब्रेकर बनाते समय मानकों का ध्यान नहीं दिया गया।
डीएफसी पर 100 किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ेंगी मालगाड़ियां
खुर्जा से लेकर पंजाब के साहनेवाल तक मालगाड़ियाें के अगल से संचालन के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण हुआ है। इस कॉरिडोर पर बीते छह महीने से मालगा़ड़ियों का संचालन हो रहा है। शुक्रवार को उत्तर रेलवे के चीफ ट्रेक इंजीनियर आलोक मिश्रा, चीफ सेफ्टी ऑफिसर डिम्पी गर्ग ने आशीष मेहरोत्रा, राजीव कुमार, डीएफसी के सीजीएम पवन कुमार, डिप्टी सीजीएम कुलदीप कुमार, मुकेश जैन, अरुण के साथ खतौली से लेकर पिलखनी तक कॉरिडोर का निरीक्षण किया।
न्यू मंसूरपुर, न्यू मुजफ्फरनगर, न्यू रोहाना , न्यू सहारनपुर स्टेशनों का निरीक्षण किया। तल्हेड़ी बुजुर्ग के पास रेलवे फाटक को भी देखा। गाड़ी को एक सौ की स्पीड से चलवाया। इसके बाद मालगाड़ियों का संचालन 100 किलोमीटर प्रति घंटे चलाने की अनुमति दी।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित फूल मंडी की रहने वाली 12 साल की खुशी पुत्री अनिल गुरुवार को घर के बाहर खेलने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिवार के लोगों को काफी तलाश करने के बाद भी जब खुशी के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई, तो परिवार के लोग थाने पहुंच गए।
खुशी की मां पूजा ने रोते हुए बताया कि क्षेत्र से पहले भी एक युवती और दो बच्चे लापता हो गए है। हालांकि ब्रह्मपुरी पुलिस का कहना है कि युवती और उसके दो छोटे भाई बहन के बारे में जानकारी मिल गई है वह दिल्ली में है। वह आज मेरठ आ जाएंगे। बच्ची खुशी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की दो टीम बनाई गई हैं।
पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट-पथराव , तीन घायल
मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट पथराव में तीन लोग घायल हो गए। समर गार्डन निवासी मुस्तफा ने बताया कि उनकी साली फरीन का निकाह शादाब से हुआ था। आरोप है कि तीन माह पहले आरोपी ने साली का तीन तलाक दे दिया।
शुक्रवार को देर रात शादाब ने पड़ोसी के युवक से फोन कर राजमिस्त्री का काम करने के बहाने मुस्तफा को बुला लिया। मुस्तफा जब बताए गए स्थान पर पहुंचा तो आरोपी ने मारपीट व पथराव कर दिया। मुस्तफा ने भी अपना बचाव कर पथराव किया। इसमें मुस्तफा, सुएब और इरशाद घायल हो गए। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है की दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
West UP News Live: बिजनौर में निर्माणाधीन भवन की छत गिरने से दो मजदूर दबे, एक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
थाना कोतवाली देहात के ग्राम राजोपुर सादात निवासी इरशाद अहमद (37 वर्ष) नगीना में पंजाबी कॉलोनी के सामने बाजार में सैलून की दुकान चलाता था। शुक्रवार की रात्रि करीब 11:15 बजे वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था।
रात करीब 11:30 बजे जब उसकी बाइक गांगन नदी के पुल के पास पहुंची तो बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई जिस हादसे में इरशाद की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।