West UP News Live: अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा संपन्न, मेडा की ई-नीलामी शुरू, 24 घंटे लगा सकेंगे बोली
मेरठ के गंगानगर में आज अमर उजाला की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया। वहीं मेरठ विकास प्राधिकरण की मेगा ई-नीलामी शनिवार से शुरू हो गई। पढ़ें ताजा खबरें।
लाइव अपडेट
पिंजरे में बंद गुलदारों को देखने के लिए वहां ग्रामीणों की भीड़ लगी है। ग्राम खत्रीवाला में बुधवार की मध्यरात्रि 12 वर्षीय बालक जिगर कुमार को गुलदार घर से उठाकर ले गया था और पास में एक खेत में ले जाकर बालक को मारकर उसके शरीर का अधिकांश भाग खा लिया था। इस घटना के बाद वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए घटनास्थल पर पिंजरा लगाया था और उसी रात करीब तीन वर्षीय एक मादा गुलदार पिंजरे में कैद हो गई थी।
वनकर्मियों व ग्रामीणों का मानना रहा था कि बालक का शिकार करने वाली यही मादा गुलदार रही होगी। मादा गुलदार के पकड़े जाने पर गांव के समीप एक खेत में फिर गुलदार देखे जाने की सूचना पर वन विभाग ने ग्रामीणों की मांग और एहतियाती तौर पर उस घटना स्थल के इर्दगिर्द अलग-अलग स्थानों पर दो पिंजरे लगा रखे थे।
ग्रामीणों की गांव के आसपास गुलदार के देखे जाने की बात सही साबित हुई और बीती रात किसी समय दोनों पिंजरों में दो गुलदार आ फंसे। वन विभाग की यह बड़ी सफलता है। एक साथ दो गुलदारों के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है। वनकर्मी फिलहाल पकड़े गए दोनों गुलदारों को गांव से ले जाने की तैयारी में लगे है।
बढ़ापुर।
जनसंख्या नियंत्रण कानून के लिए आज होगी महापंचायत
जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के लिए रविवार सुबह दस बजे लाजपत नगर सामुदायिक केंद्र पर महापंचायत की जाएगी। महापंचायत में शामिल होने के लिए शनिवार को कई खाप और संगठनों के लोग अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा भी धरनास्थल पर पहुंचे और अनशन पर बैठे अनिल चौधरी से अनशन खत्म करने को कहा और उन्हें आश्वासन दिया कि वह इस मांग को उचित प्लेटफार्म पर रखेंगे।
महानगर अध्यक्ष ने धरनास्थल पर बैठे लोगों को कहा कि उनकी मांग उचित है और सरकार इस पर काम भी करेगी। इस दौरान महानगर अध्यक्ष ने पुलिस कमिश्नर और मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी से बात कर इस मामले का उचित संज्ञान लेने के लिए कहा है। इस दौरान संजीव शर्मा ने जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन के देशभर के अनेक राज्यों के पदाधिकारियों से महापंचायत ना करने या फिर शांति बनाए रखने की अपील की।
पंचायत में शामिल होने के लिए शनिवार को ही तालियान खाप के खाप चौधरी सुधीर तालियान अपनी खाप के अन्य लोगों को लेकर धरना स्थल पर पहुंच गए। इसके साथ ही पर्वतीय भ्रात समाज लाजपत नगर, राजपूत सभा लोनी, महाराज सूरजमल समिति और अन्य कई संगठनों ने धरना स्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया। अनशन कर रहे अनिल चौधरी ने बताया कि आज धरना स्थल पर महापंचायत होगी। महापंचायत में पश्चिमी यूपी समेत झारखंड, बिहार, असम व त्रिपुरा से भी लोग शामिल होंगे।
मेडा की ई-नीलामी शुरू, 24 घंटे लगा सकेंगे बोली
मेडा के विशेष कार्याधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि 601 संपत्तियों को ई-नीलामी में रखा गया था। इसमें नीलामी के लिए 2062 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इस दौरान 338 ही संपत्तियां रहीं, जिनके लिए ईएमडी जमा कराया गया। ऐसे में अन्य संपत्तियों की ईएमडी जमा न होने से बोलीदाताओं को बिड लगाने से बाहर कर दिया गया है। शनिवार से 338 संपत्तियों के लिए 2062 बोलीदाता ने बोली लगानी शुरू कर दी है।