Meerut News Live: रिश्वत मामले में CO को मिली राहत, दो पक्षों के बीच चले लाठी-डंडे, पथराव, 20 हजार रुपये लूटे
Meerut News Live : सहारनपुर में मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोकश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल गोकश को दबोच लिया है। उधर, बिजनौर में युवक की मौत के मामले में चार पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
सहारनपुर के गंगोह में सरकारी अस्पताल के पीछे वाली सड़क पर दोपहर के समय दो पक्षों में अचानक फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। किसी ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस को आता देख दोनों पक्षों के लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस को मौके से लावारिस खड़ी एक बाइक मिली है। पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। वरिष्ठ निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी लेकिन, तब तक झगड़ा कर रहे लोग वहां से जा चुके थे। मौके से सहारनपुर नंबर की एक बाइक लावारिस हालत में मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
सीमेंट व्यापारी से बाइक और 40 हजार रुपये लूटे, विरोध करने पर किया लहूलुहान
मेरठ के मवाना से बाइक पर मुजफ्फरनगर आ रहे सीमेंट व्यापारी को लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बाइक सवार बदमाश व्यापारी से 40 हजार की नगदी व बाइक लूटकर फरार हो गए। घायल व्यापारी को जानसठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ जानसठ ने घटना की जानकारी ली है।
मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव पुचपेड़ा निवासी जावेद और मुकर्रम पक्ष के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि रास्ते में पड़ी चारपाई को हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इसके अलावा पथराव भी किया गया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन, दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने भी पथराव किया। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे शहजाद पुत्र अब्दुल हकीम की दुकान में भी तोड़फोड़ करते हुए 20 हजार रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए।
सहारनपुर में रिश्वत मामले में हाईकोर्ट ने नकुड़ सीओ नीरज को राहत दी है। हाईकोर्ट ने सीओ की अर्जी को स्वीकार करते हुए कहा कि एंटी करप्शन के पास ऐसे क्या सबूत थे, जो सीओ को एकदम बिना जांच के नामजद कर लिया। हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए कहा है कि तीन सप्ताह में एंटी करप्शन को कोर्ट में सबूत लेकर पेश होना है।
एसएसपी ऑफिस पर आत्मदाह की कोशिश, मचा हड़कंप
मेरठ में शुक्रवार सुबह एक पूर्व सैन्यकर्मी ने पत्नी समेत एसएसपी ऑफिस पर आत्मदाह करने का प्रयास किया। इससे पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने किसी तरह दोनों को आत्मदाह करने से रोक लिया।
पुत्रवधु व उसके परिजनों पर कार्रवाई की मांग
बताया गया कि पूर्व सैन्यकर्मी वीरेंद्र सिंह शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी सविता के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुत्रवधु व उसके परिजनों पर कार्रवाई की मांग करते हुए अपने ऊपर केरोसिन उड़ेल लिया और एसएसपी ऑफिस पर ही आत्मदाह करने की कोशिश की। इस दौरान आनन-फानन पुलिसकर्मियों ने किसी तरह दंपती को आत्मदाह करने से रोका। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई।
मेरठ में बागपत फ्लाईओवर के ऊपर एक युवक ने अपने ऊपर केरोसिन छिड़क लिया और जमकर हंगामा किया। इससे हाईवे पर जाम लग गया। युवक का आरोप है कि पुलिस ने उसे पैसे ले लिए हैं।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद पुलिस युवक को टीपीनगर थाने ले आई। युवक ने आरोप लगा कि पुलिस ने उसे झूठे मुकदमे में जेल भेजने की तैयारी कर ली थी। युवक का आरोप है कि जेल न भेजने की एवज में पुलिस ने उससे 15 हजार रुपये लिए। आरोप है कि पुलिस ने थाने में उसकी जमकर पिटाई भी की। पुलिस की कार्यशैली से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया।
युवक की मौत का मामला, पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
बिजनौर जनपद के कोतवाली देहात में छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने दबिश देने गए चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।