फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Meerut News Live: महापौर-पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 26 को, कंकरखेड़ा में सामने आया धर्मांतरण का मामला

Wed, 24 May 2023 06:28 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 24 May 2023 06:28 PM IST
खास बातें

नवनिर्वाचित महापौर हरिकांत अहलूवालिया व 90 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह जल्द ही आयोजित होगा। वहीं दो हजार के नोटों को बदलवाने के लिए लोगों की भीड़ बैंकों में उमड़ रही है। 

विज्ञापन
Meerut News Live: Exchange of two thousand notes, 30 crore deposited, swearing-in ceremony of mayor-councillor
हरिकांत अहलूवालिया - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

06:27 PM, 24-May-2023

दूसरे संप्रदाय के युवक पर धर्मांतरण का आरोप

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के  मेहंदी मोहल्ला निवासी महिला की बेटी को कुछ दिन पूर्व संप्रदाय विशेष का युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पीड़ित महिला की तहरीर पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया था। लेकिन 17 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस युवती के बारे में जानकारी नहीं जुटा पाई है।

बुधवार को पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि संप्रदाय विशेष के युवक से उसे अपनी बेटी का जान का खतरा है।
02:26 PM, 24-May-2023

दुहाई से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच रखा आखिरी वायडक्ट स्पैन

दिल्ली- गाजियाबाद- मेरठ रैपिडएक्स कॉरिडोर पर दुहाई से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच मोदीनगर नॉर्थ स्टेशन के ठीक पहले एनसीआरटीसी ने आखिरी वायडक्ट स्पैन भी मंगलवार को रख दिया। इस स्पैन को रखने के साथ ही इस सेक्शन में निर्माण कार्य अगले पड़ाव में पहुंच गया है। अब साहिबाबाद से मेरठ साउथ स्टेशन तक का लगभग 42 किलोमीटर वायडक्ट तैयार हो गया है।

दुहाई स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) से मेरठ साउथ रैपिडएक्स स्टेशन तक इस सेक्शन की लंबाई लगभग 25 किमी है, जिसमें 825 पिलर्स का निर्माण किया गया है। 
इन निर्मित पिलर्स पर वायडक्ट निर्माण के साथ-साथ इस सेक्शन में ट्रैक बिछाने का कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है। अप एंड डाउन दोनों लाइन पर लगभग 50 प्रतिशत ट्रैक बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस सेक्शन में कुल चार स्टेशन, मुराद नगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ का निर्माण किया जा रहा है और जल्द ही ये स्टेशन आकार ले लेंगे। 

सड़क के दोनों ओर प्रवेश और निकास द्वार
मुरादनगर स्टेशन के कॉनकोर्स और प्लेटफॉर्म लेवल की स्लैब कास्टिंग पूरी हो चुकी है और स्टेशन में फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा है। स्टेशन में तकनीकी उपकरण कक्षों का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्टेशन में सड़क के दोनों ओर प्रवेश-निकास द्वार बनाए जा रहे हैं, जिनका निर्माण तेजी से प्रगति कर रहा है। एक लेवल से दूसरे लेवल तक सुलभ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सीढ़ियों के साथ-साथ यहां 4 लिफ्ट और 6 एस्केलेटर इंस्टॉल करना प्रस्तावित हैं, जिनमें से कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म लेवल पर आने-जाने के लिए 2 एस्कलेटर्स का इंस्टॉलेशन पूरा कर लिया गया है।
विज्ञापन
02:24 PM, 24-May-2023

दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट

लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र श्यामनगर निवासी नगमा पत्नी नईम ने बताया शादी के बाद से ही पति, देवर और सास ने दहेज के लिए मारपीट कर परेशान करते थे। आरोप है कि मायके से 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि इससे मना करने पर बच्चों से चोरी कराने को कहते हैं। पीड़िता  लिसाड़ीगेट थाने पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर अजय कुमार का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।  
02:21 PM, 24-May-2023

पुलिस ने गैंगस्टर के दो आरोपियों को जेल भेजा

लिसाड़ीगेट पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे ऊंचा सिद्दीकनगर निवासी शहजाद उर्फ भूरा, फईम को गिरफ्तार किया है। दोनो गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। मंगलवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि दोनों को न्यायालय में पेशकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
11:34 AM, 24-May-2023

हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर के अपराधियों के खिलाफ चलेगा अभियान

हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर अपराधियों के सत्यापन के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 15 थानों की टीम तैयार की गई है। महानगर और देहात के कुछ थानेदारों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। हिंसा के आरोपियों को करेंगे चिह्नित हिंसा की पूर्व की घटनाओं और इनके आरोपियों की सूची बनाने के लिए सभी थानों को जिम्मेदारी दी गई है। कितने लोगों की पूर्व में गिरफ्तारी हुई और कितनों की मौत हुई, यह भी रजिस्टर में रिकाॅर्ड रहेगा।

जानकारी के मुताबिक 271 डकैत और 1267 लुटेरों के अलावा 511 चोर भी चिन्हित किए गए हैं, जो अलग-अलग मुकदमों में नामजद हैं। इन आरोपियों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।

शहर के सभी 15 थानों में इनके सत्यापन का काम शुरू किया गया है। इसके बाद खुलासा हुआ कि 271 डकैतों में से 16 ही सक्रिय हैं। इनमें से दो जेल में और एक फरार है। इसके अलावा 1297 लुटेरों में से 93 फिलहाल सक्रिय हैं।

इनमें से 45 जेल में बंद हैं। वहीं, 511 चोरों में से 38 फिलहाल जेल से बाहर हैं। शहर में लिसाड़ीगेट में सबसे ज्यादा अपराधी हैं। यहां हिस्ट्रीशीटर भी सबसे अधिक हैं। बाहर के जिलों के गिरोह स्थानीय बदमाशों केे संपर्क में हैं। इस थाने को अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जिम्मेदारी दी है। अन्य थाने भी इसके लिए काम करेंगे। वहीं, देहात के थाने किठौर के इलाके में कई बड़े अपराधी हैं। इन पर कार्रवाई के लिए किठौर को जिम्मेदारी दी गई है। सरधना संवेदनशील है।
11:33 AM, 24-May-2023

फरजाना हत्याकांड में आरोपी पति ने थाने में किया समर्पण

मेरठ के मेदपुर गांव में फरजाना हत्याकांड का आरोपी पति नसीरूद्दीन ने मंगलवार को थाने में पहुंचकर सरेंडर कर दिया। उसने कहा- साहब मैंने पत्नी की हत्या की है, गिरफ्तार कर लो।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी फरजाना एक युवक से बातचीत करती थी। उसे दोनों पर शक था। सोमवार को उसके घर पर रिश्तेदार आए हुए थे। उन्हें खाना-पीना देने की बजाय पत्नी पड़ोस में अपने पिता के घर चली गई थी।

रिश्तेदारों के जाने के बाद फरजाना ने उसके साथ झगड़ा किया और पुलिस में भी शिकायत करने की धमकी दी। तभी उनके बीच विवाद बढ़ गया और उसने गुस्से में आकर पत्नी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड के बाद वह शहर में अपने एक रिश्तेदार के यहां पर चला गया था और रातभर वहीं पर रहा था।

दोपहर वह अपने भाई आजाद के साथ थाने पहुंच गया। भावनपुर थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। 

यह था मामला 
मेदपुर गांव निवासी हनीफ की इकलौती बेटी फरजाना की सोमवार को उसके पति नसीरूदीन ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह फरार हो गया था। मृतका के बेटे तालिब ने पिता को नामजद करते हुए मामला दर्ज कराया था। नसीरूद्दीन मूलरूप से पचपेड़ा गांव का रहने वाला है, लेकिन फरजाना के पिता ने शादी के बाद उन्हें अपने पड़ोस में ही मकान दिला दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
11:25 AM, 24-May-2023

मुजफ्फरनगर के रतनपुरी में एनआईए की छापेमारी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव भनवाड़ा में बुधवार सुबह एनआइए की टीम ने छापेमारी की। टीम ने एक मदरसे व आसपास के लोगों से कुछ जानकारी जुटाई और तीन घंटे की कार्रवाई के बाद यह टीम वापस लौट गई।

तीन गाड़ियों में पहुंचे थे NIA के अधिकारी
सुबह लगभग छह बजे तीन गाडियों में सवार होकर टीम भनवाडा पहुंची थी। यह टीम गांव के एक मदरसे में पहुंची और अंदर किसी से कुछ देर बातचीत करने के बाद बाहर आ गई। इसके बाद टीम ने आसपास रहने वाले व मार्ग से गुजर रहे लोगों से अलग-अलग लोगों के बारे में पूछताछ की।
08:56 AM, 24-May-2023

छात्रों की मांग पर बीएड की परीक्षा अब 23 जून से 19 जुलाई तक

विद्यार्थियों की मांग पर सीसीएसयू परीक्षा नियंत्रक ने बीएड स्पेशल एजुकेशन और मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम बदला है। अब परीक्षाएं 23 जून से 19 जुलाई तक होंगी। 
 
सीसीएसयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं की मांग पर परीक्षाओं का कार्यक्रम बदला गया है। सीयूईटी परीक्षा पांच जून से 12 जून तक, सीएसआईआर की परीक्षा छह से आठ जून तक और यूजीसी नैट की परीक्षा 13 से 22 जून तक है। 

विद्यार्थियों ने बताया कि 26 व 27 जून को बीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) की परीक्षा है। यह परीक्षा 2018 में अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई थी। शासन ने फिर से परीक्षा का कार्यक्रम घोषित किया है।
08:51 AM, 24-May-2023

पीएनबी में जमा हो रही प्रतिदिन तीन करोड़ से अधिक राशि

पीएनबी के डिप्टी सर्कल हेड संजीव त्यागी ने बताया कि कई शाखाओं का निरीक्षण किया है। एक्सचेंज कराने वालों लोगों से अधिक संख्या खातों में नकदी जमा कराने वाले ही हैं। पीएनबी की कई शाखाओं में प्रतिदिन 10 से 16 लाख तक की राशि जमा हो रही हैं।

पीएनबी की 107 शाखाओं प्रतिदिन 3 करोड़ से अधिक की राशि 2 हजार के नोटों के रूप में आ रही है। बैंक ऑफ बड़ौदा शास्त्रीनगर शाखा के मुख्य प्रबंधक पीयूष बंसल ने बताया कि दोपहर 2 बजे तक 14 लोगों ने धनराशि खातों में जमा और एक्सचेंज कराई है। जिन लोगों के पास आईडी नहीं थी उनके नोट एक्सचेंज करके दिए हैं। 

बैंकों में दुरुस्त रही व्यवस्था
मयूर विहार निवासी डेंटिस्ट वंदना शर्मा ने बताया कि पीवीएस मार्ग बैंक शाखा में जाते ही नंबर आ गया। अहमदनगर निवासी आबिद ने बताया कि वह एसी ठीक करने का कार्य करता है। 4 हजार रुपये बदलवाए हैं, आईडी दिखाकर नोट जमा किए। आरके शर्मा और राजीव गर्ग ने बताया कि शाखा में अच्छी व्यवस्था देखने को मिली। 
08:51 AM, 24-May-2023

बैंकों में 30 करोड़ रुपये दो हजार के नोटों के रूप में जमा

मेरठ जिले की 469 से अधिक बैंक शाखाओं में मंगलवार सुबह 10 बजे से दो हजार के नोट बदलने और खातों में जमा करने के लिए लोग उमड़ पड़े। बैंकों में 30 करोड़ रुपये दो हजार के नोटों के रूप में जमा हो गए। देहात क्षेत्र की कई शाखाओं में तीन दिन में प्रतिदिन 10 लाख से 16 लाख तक धनराशि जमा हो रही है।

एसबीआई, पीएनबी, केनरा, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और प्राइवेट बैंक की कंकरखेड़ा, गंगानगर, मोदीपुरम, शास्त्रीनगर, दिल्ली रोड व गढ़ रोड आदि शाखाओं में बैंक खुलने से पहले ही वरिष्ठ नागरिक पहुंच गए। एसबीआई कैंट शाखा में पहुंचे दिनेश कुमार ने बताया कि 4 हजार रुपये खाते में जमा किए हैं। पहली बार बैंक में आकर ऐसा लगा कि जैसे उत्सव की तैयारी है। नोट बदलने के लिए अलग से काउंटर लगाए गए हैं। एसबीआई शास्त्रीनगर में पहुंचे सेवानिवृत्त सीएमओ एसके जैन ने बताया कि वह नई सड़क पर रहते हैं। 20 हजार की धनराशि बदलवाई है। बैंक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। टोकन सिस्टम है। 

शास्त्रीनगर निवासी नाजमा ने बताया कि सुबह 11 बजे शाखा में पहुंची और 20 मिनट में 4 हजार रुपये जमा कर खाता खुलवाया। एसबीआई के डीजीएम रणविजय प्रताप भी शाखा में निरीक्षण के लिए पहुंच गए। बैंक में ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी और चाय-पानी का भी प्रबंध किया गया था। चीफ मैनेजर हरीश वाधवा ने डीजीएम को संपूर्ण व्यवस्था के विषय में अवगत कराया। बैंक में रूटीन कार्य प्रभावित न हो इसके लिए अलग काउंटर लगाए गए हैं। 

डीजीएम ने बताया कि उन्होंने शहर की कई शाखाओं में निरीक्षण किया है, सभी जगह व्यवस्था सामान्य है। छावनी और शास्त्रीनगर शाखा में ग्राहकों की संख्या को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। पीएनबी की गढ़ रोड, शास्त्रीनगर, पुरानी तहसील, दिल्ली रोड शाखाओं में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नोट बदलवाए। खैरनगर पीएनबी और एसबीआई और रेलवे रोड एचडीएफ में सुबह से शाम तक 3 से 4 लोग ही नोट बदलवाने के लिए पहुंचे।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed