West UP News Live: हादसे में देवर भाभी की मौत, सपा को झटका, पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने थामा भाजपा का दामन
West UP News Live : मेरठ के सरधना में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं, बहसूमा में सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यहां पढ़िए वेस्ट यूपी की पल-पल की खबरें-
लाइव अपडेट
बाइक सवार देवर भाभी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम को रामराज गंग नहर पटरी मार्ग पर करीब दो किलोमीटर की दूरी पर हादसे की सूचना मिली थी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शवों की पहचान कल्लू पुत्र चांद वीर(32) व उसकी भाभी सुधा पत्नी अनिल चौहान निवासी उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के थाना क्षेत्र खानपुर के गांव चंद्रपुरी निवासी के रूप में हुई है।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने 21 लाख के 110 खोये मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में मोबाइल खोने के ज्यादा मामले सामने आए है। मोबाइल मालिकों ने इस बारे में पुलिस में शिकायत की थी। मोबाइल बरामदगी के लिए सर्विलांस टीम को लगाया गया था। सर्विलांस टीम ने 110 मोबाइल बरामद किए है। इनमें एप्पल जैसी बडी कंपनी के महंगे मोबाइल भी है। सभी स्मार्ट फोन है। एक मोबाइल की कीमत बीस हजार से ज्यादा बताई गई है।
एसएसपी ने बताया कि इन सभी मोबाइलों को उनके मालिकों को सौंपा जा रहा है। सभी को मोबाइल लेने के लिए बुलाया गया है। बरामद सभी मोबाइल जिले के ही रहने वाले लोगों के हैं। एसएसपी अभिषेक सिंह व एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल पाकर सभी के चेहरे खिल उठे। एसएसपी ने मोबाइल बरामद करने वाली सर्विलांस टीम पांच हजार का इनाम दिया।
कार में इतनी मोटी रकम देख पुलिस हैरान
सहारनपुर जनपद के नकुड़ में मंगलवार की रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार में सवार पांच लोगों से 38 लाख 35 हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ में कार सवार रुपयों की बाबत कोई प्रपत्र मौके पर नहीं दिखा पाए। पुलिस ने रुपयों को जब्त कर सूचना आयकर विभाग को दे दी है।
नरेश टिकैत बोले- किसानों के साथ धोखा कर रही केंद्र सरकार
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि भाजपा-रालोद गठबंधन अभी लोगों के गले नहीं उतर रहा है। चौधरी जयंत को लोगों की जनभावना का ध्यान रखना चाहिए था। केंद्र सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। एमएसपी पर केंद्र सरकार ने वादा नहीं निभाया है।
मेरठ में पुलिस के एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कंकरखेड़ा पुलिस ने सॉल्वर गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से पेपर लीक करने के सबूत मिले हैं। वहीं, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
मेरठ में मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर स्थित सदरपुर गांव के पास बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को निजी चिकित्सक में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया है। घायल का नाम हरेंद्र पुत्र रामपाल है।