West UP News Live: चौधरी चरण सिंह को 'भारत रत्न' का एलान, वेस्ट यूपी में खुशी की लहर, जुमे की नमाज पर अलर्ट
West UP News Live : शामली में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। इस मामले में चार आरोपी पहले ही अरेस्ट हो चुके हैं। यहां पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक नशा करने का आदी था और इसकी वजह से परेशान था। इसी के चलते ने उसने ट्रेन कटकर खुदकशी की है।
थाना जनकपुरी पुलिस को शुक्रवार की दोपहर सूचना मिली की कि जिला अस्पताल पुल के पास एक व्यक्ति ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राधा विहार निवासी राकेश धीमान (45) के रूप में हुई। परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना जनकपुरी के उपनिरीक्षक रणपाल ने बताया कि परिजनों से बातचीत के आधार पर पता चला है कि राकेश नशा करने का आदी था और वह नशा छोड़ना चाहता था। इसके लिए जिला अस्पताल से वह अपना उपचार भी करा रहा था। शुक्रवार को भी राकेश अस्पताल से दवा लाने की बात कहकर गया था, लेकिन उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक एक धौबी के यहां कार्य करता था।
हल्द्वानी में हुई हिंसा के बाद मेरठ में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। आज जुमे की नमाज को देखते हुए सभी मस्जिदों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है। हापुड़ अड्डा, लिसाड़ी गेट, लोहियानगर, कोतवाली क्षेत्र के अलावा सरधना और मवाना तहसील क्षेत्र में भी पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में खास चौकसी बरती जा रही है। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है। आईजी नचिकेता झा, एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण पल-पल के हालात की जानकारी ले रहे हैं।
उत्तराखंड के हल्द्वानी के चर्चित बनभूलपुरा में सरकारी भूमि पर बने अवैध मदरसा व नमाज स्थल को ध्वस्त करने के दौरान हुए बवाल में छह लोगों की मौत के बाद बागपत जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया। शुक्रवार को एडीएम व सीओ ने नगर में पीएसी के साथ पहले पैदल भ्रमण किया। उसके बाद ड्रोन उड़ा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज जा लिया।
एडीएम पंकज वर्मा, एडीएम न्यायिक सुभाष सिंह व सीओ सविरत्न गौतम ने शुक्रवार को पीएसी को बुलाया और उसके बाद पुलिस ने फूंसवाली मस्जिद, नेहरू मूर्ति, संजय मूर्ति, बाजार पुलिस चौकी से होते हुए नगर के मुख्य मार्ग पर पैदल मार्च किया। पैदल मार्च फूंसवाली मस्जिद पर समाप्त हुआ। जहां पर ड्रोन उड़कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फूंसवाली मस्जिद के इमाम सहित मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
ज्ञानवापी के मामले और हल्द्वानी में हुए बवाल के बाद बिजनौर में पुलिस अलर्ट मोड पर है। जुम्मे की नमाज को लेकर मस्जिदों के आसपास पुलिस फोर्स तैनात की गई है। इसके साथ ही मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार प्रशासनिक और पुलिस फोर्स के साथ गश्त कर रहे हैं। जिलेभर में अलग-अलग जगहों पर चेकिंग करते हुए संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
ज्ञानवापी मामले और हल्द्वानी में हुए बवाल के मामले को लेकर शामली में भी पुलिस अलर्ट रही। जुम्मे की नमाज को लेकर मस्जिदों के आसपास पुलिस फोर्स तैनात की गई है। इसके साथ ही मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार प्रशासनिक और फोर्स के साथ गश्त कर रहे हैं। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है
महानगर की बदहाली को लेकर कांच के पुल पर धरने पर बैठे पार्षद
महानगर में मुस्लिम इलाके में बदहाली को लेकर शुक्रवार सुबह पार्षद रिजवान अंसारी अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठकर गए हैं। कांच के पुल पर पार्षदों का धरना शुरू होने की जानकारी लगते ही प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साफ-सफाई की व्यवस्था करने का आश्वासन देकर पार्षदों को उठाने का प्रयास किया गया। लेकिन वह नहीं माने।
West UP News Live: चौधरी चरण सिंह को 'भारत रत्न' का एलान, वेस्ट यूपी में खुशी की लहर, जुमे की नमाज पर अलर्ट
शामली के झिंझाना में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी ने दो लाख रुपये की सुपारी लेकर महिला की हत्या की थी। शुक्रवार को सुबह आरोपी सुपारी किलर शामली से हरियाणा भागने की फिराक में था। पुलिस ने इसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पार्टी के ऊपर फायर कर दिया। पुलिस की ओर से हुई जवाबी फायरिंग में सुपारी किलर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।