Meerut News Live: अब 26 को मेरठ आएंगे अखिलेश, बढ़ा यमुना नदी का जलस्तर, गौशालाओं में घुसा गागन नदी का पानी
Meerut News Live : सहारनपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया गया कि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हुई, जिसका उपचार चल रहा है। पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
सीओ ऑफिस के सामने चिकित्सक ने भाजपा नेता के परिवार पर पिस्टल तानी
सीओ कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर मंगलवार रात कार में हल्की साइड लगने को लेकर एक चिकित्सक ने भाजपा नेता के परिवार पर पिस्टल तान दी। दोनों पक्षों के बीच खूब कहासुनी हुई। कंकरखेड़ा पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई। दोनों पक्षों में समझौता हो गया। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी का कहना है कि पिस्टल असली नहीं थी।
मंगलवार रात गौतमबुद्धनगर के एक भाजपा नेता का परिवार सरधना रोड से मेरठ की तरफ आ रहा था। कंकरखेड़ा थाने से कुछ पहले भाजपा नेता की गाड़ी की आगे चल रही चिकित्सक की गाड़ी में साइड लग गई। चिकित्सक ने ओवरटेक कर भाजपा नेता की गाड़ी को सीओ कार्यालय के सामने रोक लिया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद भाजपा नेता के परिवार का आरोप था कि चिकित्सक ने पिस्टल तान दी। इसकी सूचना आने-जाने वालों ने कंट्रोल रूम को दी तो कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को थाने ले गई। जहां दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगाया। देर रात दोनों पक्षों में समझौता हो गया। थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि चिकित्सक के पास गाड़ी में लाइटर पिस्टल थी, भाजपा नेता के परिवार के लोगों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
कमिश्नरी चौराहे पर लग्जरी कार में स्टंट का वीडियो वायरल
मेरठ के वीआईपी रोड कमिश्नरी चौराहे पर पुलिस को चुनौती देते हुए रईसजादों का लग्जरी कार से स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छह सेकंड के वीडियो में दो युवक कार की छत पर और तीन भीतर नजर आ रहे हैं।वीडियो में लग्जरी कार की छत पर बैठे दो युवक हुड़दंग मचाते हुए कमिश्नरी चौराहे के पास जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इन रईसजादों को ना तो पुलिस का खौफ है और ना ही किसी हादसे का डर। खास बात यह है कि कमिश्नरी चौराहे पर जहां एक तरफ कमिश्नर का कार्यालय है। वहीं, दूसरी तरफ डीएम ऑफिस और एसएसपी ऑफिस भी है। हर स्थान पर पुलिस तैनात रहती है। मगर हैरत की बात है कि पुलिस की नजर इन हुड़दंगबाजों पर नहीं पड़ी। सीओ सिविल लाइन अरविंद कुमार चौरसिया का कहना है कि सीसीटीवी के जरिए गाड़ी का नंबर पता किया जा रहा है, कार्रवाई की जाएगी।
हापुड़ अड्डे पर युवक का शव मिला
हापुड़ अड्डा चौराहे पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहचान नहीं होने के चलते पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है। बुधवार शाम को सड़क चलते लोगों ने हापुड़ अड्डा चौराहे पर पेट्रोल पंप के सामने सड़क के दूसरी तरफ लगभग 40 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। मृतक के शरीर पर चोट आदि का कोई निशान नहीं पाया गया। हालांकि शव की पहचान नहीं हो सकी। नौचंदी थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया गया है।
बिजनौर के नूरपुर में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते नजीबाबाद की ओर से आ रही गागन नदी का पानी उफन कर क्षेत्र के दर्जन भर गांवों के खेतों में भरने लगा है। वहीं, मिर्जापुर ढीकली और पौटी की गौशालाओं में गागन नदी का पानी घुसने से वहां संरक्षित करीब दो सौ गोवंशों की जान आफत में आ गई है। हालांकि, पंचायत विभाग ने मिर्जापुर ढीकली के 117 गोवंशों को सुरक्षित स्थान फीना गौशाला भिजवा दिया है।
ब्लाक क्षेत्र की गांव पंचायत मिर्जापुर ढीकली गोशाला में करीब 117 और पौटी गौशाला में 90 गोवंश संरक्षित हैं। इन गोशालाओं में अचानक यहां से गुजर रही गागन नदी का पानी घुस आया। जिससे वहां संरक्षित गोवंशों की जान आफत में आ गई। संबंधित ग्राम प्रधानों की सूचना पर खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार व पशु चिकित्सा अधिकारी विनय कुमार ने गोशाला पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि मिर्जापुर ढीकली गोशाला के गोवंशों को सुरक्षित फीना गोशाला भेजा गया है। पौटी गोशाला में महज कीचड़ की स्थिति देखते हुए वहां खडंजा बिछवाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
पांच माह से नहीं मिला मानदेय
मिर्जापुर ढीकली गोशाला में अमन व उसकी पत्नी पुष्पा केयरटेकर के पद पर कार्य कर रहें है। दंपती का कहना है कि उन्हें पांच माह से मानदेय नहीं मिला है। जिससे उनके समक्ष भरणपोषण की समस्या पैदा हो रही है। ग्राम प्रधान पुत्र आफताब अहमद ने चार माह का मानदेय न आने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि चार माह से गोवंशों के चारे का बजट भी नहीं आ रहा है।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा मेरठ को स्वर्ण नगरी गोल्ड सिटी के रूप में दर्जा दिलाने की मुहिम आरंभ हो चुकी है। मेरठ के समस्त प्रमुख मार्गों पर 'स्वर्णनगरी में आपका हार्दिक स्वागत है।' ऐसे होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। आने वाले समय में शासन-प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षण करने के लिए कुछ होर्डिंग्स इस प्रकार के भी मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा लगाने की योजना है, जिसमें अपने मेरठ को स्वर्णनगरी/गोल्ड सिटी का दर्जा मिले।
पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश व हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव बढ़ने के कारण यमुना का जलस्तर फिर से 50 सेंटीमीटर बढ़कर 230.7 मीटर पर पहुंच गया। बुधवार सुबह हथिनी कुंड बैराज से भी यमुना नदी में छोड़े जाने वाली पानी की मात्रा 39000 क्यूसेक प्रति सेकंड रही।
बता दें कि 11 जुलाई को यमुना नदी में लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर अधिक हो गया था। लेकिन उसके बाद हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव कम होता चला गया। मंगलवार शाम 4:00 बजे यमुना नदी का जलस्तर 230.2 मीटर पर बह रहा था, जबकि बुधवार सुबह 8:00 बजे जलस्तर 50 सेंटीमीटर बढ़कर 230.7 मीटर पर दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार सुबह 8:00 बजे हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा 39226 क्यूसेक प्रति सेकंड चल रही थी।
कैराना में देर रात आर्य पुरी बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शामली निवासी 52 वर्षीय चौकीदार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शामली के दयानंद नगर निवासी 52 वर्षीय राजकुमार मन्ना माजरा के पास निर्माणाधीन भवन में चौकीदारी और काम करता था। मंगलवार रात करीब 11 बजे राजकुमार बाइक द्वारा आर्य पुरी बाईपास की ओर जा रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने राजकुमार की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर शामली से मृतक के परिजन भी सरकारी अस्पताल पहुंचे। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार मौर्य ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है।
मेरठ में जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के नवनियुक्त जिला चेयरमेन किरण पाल जाटव (जाहिदपुर) का अभिनन्दन समारोह कांग्रेस कार्यालय बुढ़ाना गेट पर बुधवार को किया गया। अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व जिला अध्यक्ष कमल सिंह जाटव ने कहा कि दलित समाज को आरक्षण विहीन करने के लिये सरकारी संस्थाओं का निजी करण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सयोजक उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति के उपाध्यक्ष योगी जाटव व अध्यक्षता पूर्व शहर अध्यक्ष मायाप्रकाश शर्मा व संचालक शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने किया। योगी जाटव ने कहा कि दलित समाज कि हितेषी एक मात्र पार्टी केवल कांग्रेस ही है, अन्य दलों ने केवल दलित समाज का शोषण ही किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन अम्बेडकर ने कहा कि सोनिया गांधी के कार्यकाल में भारत को पहला राष्टपति व लोकसभा की प्रथम दलित महिला अध्यक्ष मीरा कुमार बनीं। राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे व उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी को बनाया।
उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने 24 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने के लिए तन-मन-धन से संविधान व कांग्रेस के लिए कार्य करने कि शपथ ली। कार्यक्रम के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्तिथ बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
सपा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 20 जुलाई का मेरठ आने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब वह 26 जुलाई को मेरठ आएंगे। सरूरपुर के पांचली बुजुर्ग में सपा पदयात्री फुरकान की बहन की शादी होने पर उसे आशीर्वाद देंगे। शादी 20 जुलाई को है, पहले उन्हें 20 को आना था। अब 26 को दोपहर 12:00 बजे पहुंचने का कार्यक्रम तय हुआ है। सपा नेता चाहते हैं कि वह मेरठ आएं तो राली चौहान और धनपुर गांव भी जाएं, जहां हादसों में लोगों की मौत हुई है। हालांकि जो नया कार्यक्रम भी जारी हुआ है, उसमें राली चौहान और धनपुर गांव आने का कार्यक्रम नहीं है।