08:00 PM, 04-Oct-2021
कुल आठ लोगों की हुई मौत
एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि लखीमपुर खीरी बवाल में कुल आठ लोगों की मौत हुई है। इसमें चार किसान के अलावा दो भाजपा कार्यकर्ता, एक ड्राइवर और एक पत्रकार शामिल है।
07:57 PM, 04-Oct-2021
मरने वाले सभी के परिजनों को मिलेगा मुआवजा
लखीमपुर खीरी को लेकर चल रहे बवाल के बीच सोवमार शाम को यूपी सरकार ने हिंसा में जान गंवाने वाले सभी लोगो के परिजनों को मुआवजा देने का एलान किया है।
07:56 PM, 04-Oct-2021
रॉबर्ट वाड्रा का आरोप- यूपी पुलिस ने प्रियंका के साथ की हाथापाई
रॉबर्ट वाड्रा ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखीमपुर खीरी में हिंसा के शिकार लोगों के परिवारों से मिलने जा रहीं उनकी पत्नी और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को के साथ हाथापाई और बदसलूकी की ।
07:34 PM, 04-Oct-2021
अखिलेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं आगजनी के लिए सपा कार्यकर्ताओं पर भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
06:56 PM, 04-Oct-2021
मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज
लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा भले ही थम गई हो, लेकिन इसे लेकर शुरू हुआ बवाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आठ लोगों की मौत के मामले में सोमवार को अब एक क्रास एफआइआर भी दर्ज कराई गई है। भाजपा नेता की ओर से दूसरे पक्ष के अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
06:13 PM, 04-Oct-2021
शामली में रालोद कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
शामली में रालोद नेताओं ने गुरुद्वारा तिराहे पर प्रदर्शन किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर रोड जाम करने का भी प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने कलक्ट्रेट का मुख्य द्वार बंद कर उन्हें अंदर ही रोक दिया। अधिवक्ता भी इस घटना को लेकर न्यायिक कार्यों से विरत रहे।
05:13 PM, 04-Oct-2021
वाराणसी में भी बढ़ी सरगर्मी
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद लखनऊ के साथ ही बनारस में भी सियासी पारा चढ़ गया। जिलेभर में सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा गया। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने सपा के दर्जन भर से ज्यादा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।
04:52 PM, 04-Oct-2021
अलीगढ़ में भी किसान आक्रोशित
लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान संगठनों ने अलीगढ़ के आंबेडकर पार्क में सुबह 10 बजे से धरना दिया। सुबह 11 बजे करीब 70-80 किसान पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट रवाना हुए। रास्ते में पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके। कलेक्ट्रेट के वीआईपी गेट पहुंच गए और गेट पर ही भाकियू टिकैत के पूर्व जिलाध्यक्ष विमल तोमर के नेतृत्व में धरना दिया।
04:39 PM, 04-Oct-2021
पश्चिमी यूपी में सरकार के खिलाफ नारेबाजी
लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर देश भर में किसान संगठनों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पश्चिमी यूपी में भारतीय किसान यूनियन ने इस घटना का विरोध जताते हुए आज वेस्ट यूपी के सभी जिलों में कलक्ट्रेट का घेराव करने का एलान किया। इस दौरान मेरठ व आसपास के जिलों में किसान कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पर एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
03:42 PM, 04-Oct-2021
पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित
लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए लोगों के शव के पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित की गई है।