जम्मू-कश्मीर: पुलिस पोस्ट पर बेहोश हुआ युवक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; परिजनों का प्रदर्शन
आरएस पुरा के चकरोई पुलिस पोस्ट पर बुलाए गए 32 वर्षीय उत्तम चंद बेहोश हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
विस्तार
आरएस पुरा सेक्टर के चकरोई इलाके में बुधवार तड़के एक 32 वर्षीय युवक की पुलिस पोस्ट पर बेहोश होने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान राख गांव निवासी उत्तम चंद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार संपत्ति विवाद को लेकर पड़ोस की एक महिला की शिकायत पर उत्तम चंद को चकरोई पुलिस पोस्ट बुलाया गया था। वहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़े। पुलिसकर्मी उन्हें करीब सुबह चार बजे आरएस पुरा के उप-जिला अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद उत्तम चंद के परिजनों और रिश्तेदारों ने प्रदर्शन कर घटना की परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी देने और उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चकरोई पुलिस पोस्ट और अस्पताल के शवगृह में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।