पुलिस की एक गलती ने ले ली युवक की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्रैफिक पुलिस की ओर से नाके पर बाइक सवार युवकों को रोकने की कोशिश में शुक्रवार को बीए फाइनल ईयर के एक छात्र की मौत हो गई। जैसे ही नाके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बाइक सवार युवकों को रुकने का संकेत दिया वे भागने लगे। इस पर एक पुलिसकर्मी ने बाइक पर पीछे बैठे युवक की बाजू पकड़ कर खींच ली, जिससे वह सड़क पर कई बार पलटी खा गया।
इस भयंकर हादसे में सड़क से टकराने से युवक के सिर के दो टुकड़े हो गए और उसकी अंतड़ियां बाहर निकल आईं। दर्दनाक हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरा युवक जीएमसी की आईसीयू में भर्ती है। इस हादसे के बाद युवकों के दोस्तों और अन्य लोगों ने सड़क जाम कर बवाल शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में मारा गया युवक सिद्धार्थ मट्टू (21) मूलरूप से हरी सिंह हाई स्ट्रीट, लाल चौक, शेर गढ़ी श्रीनगर मौजूदा आनंद नगर बोहड़ी का रहने वाला था। हादसे से गंभीर रूप से घायल युवक विशाल वंचू जीएमसी की आईसीयू में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है।
इस हादसे के बाद भगवती नगर इलाके के युवकों और मृतक के दोस्तों ने बवाल कर दिया। हादसे के लिए जिम्मेवार ट्रैफिक पुलिस कर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने आठ घंटे तक चौथे पुल को बंद रखा। प्रदर्शनकारियों ने ट्रैफिक पुलिस, एसएसपी ट्रैफिक और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आठ घंटे तक बंद रखा चौथा पुल
विशाल वंचू अपने दोस्त सिद्धार्थ मट्टू के साथ शुक्रवार को बिक्रम चौक से आनंद नगर, बोहड़ी जा रहा था। विशाल बाइक (जेके 02 एडब्ल्यू 4502) चला रहा था, जबकि सिद्धार्थ पीछे बैठा था। चौथे पुल पर भगवती नगर की ओर ट्रैफिक पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। यहां पर ट्रैफिक पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया, लेकिन विशाल ने बाइक आगे बढ़ा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति से भागते समय ट्रैफिक कर्मी ने विशाल की बाजू पकड़कर खींच लिया। इसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई और दूर तक रगड़ती चली गई। इस हादसे में विशाल के सिर में हेलमेट होने के बावजूद गंभीर चोटें आई, जबकि सिद्धार्थ सड़क पर कई बार पलटी खा गया।
हादसे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सड़क पर कई बार पलटी खाने से उसके सिर के दो टुकड़े हो गए और उसकी अंतड़ियां बाहर आ गईं। खून से लथपथ हालत में कई मिनटों तक सिद्धार्थ तड़पता रहा और चंद मिनटों में ही उसकी सांसें बंद हो गईं।
अफरातफरी में राहगीरों ने खून से लथपथ हालत में सिद्धार्थ को जीएमसी पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विशाल को भी गंभीर चोटें आई हैं। इस हादसे में उसकी दोनों टांगें बुरी तरह जख्मी हैं।
विशाल को जीएमसी की आईसीयू में रखा गया है। युवाओं ने इस हादसे के विरोध में आठ घंटे तक पुल को बंद रखा। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।