महिला सशक्तिकरण है सरकार की प्राथमिकता: महबूबा मुफ्ती
जम्मू कश्मीर राज्य में विकास के लिए मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने महिला सशक्तिकरण को जरूरी बताया है। पुलवामा महिला डिग्री कालेज में नई इमारत के उद्घाटन और कालेज की छात्राओं के लिए स्कूटी योजना शुरू करने पहुंचीं महबूबा ने कहा, तालीम से समाज में परिवर्तन लाया जा सकता है।
छात्राओं से मुखातिब महबूबा ने कहा, छात्राओं को कौशल विकास पर ध्यान देना होगा, ताकि वे केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सशक्तिकरण भी हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल कूद और अन्य सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियां भी जरूरी हैं।
शिक्षा के लिए छात्राओं को प्रेरित करने के लिए इस्लाम का जिक्र करते हुए महबूबा ने कहा, हर अन्य मजहब की तरह इस्लाम में भी शिक्षा पर जोर दिया गया है।
'योजनाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है'
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की स्थिति में बेहतरी लाने के लिए संजीदगी से कार्य कर रही है। स्कूटी योजना के अलावा लाडली योजना पर भी प्राथमिकता से अमल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा इन योजनाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है। महिला वर्ग को भी अपने अधिकाराें के प्रति और सजग होना पड़ेगा। इस अवसर पर वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू, शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने भी संबोधित किया।