'हड़ताल तो खत्म हुई फिर क्यों नहीं आ रहा पानी'
पीएचई मुलाजिमों की तीन दिनों के बाद बुधवार को हड़ताल स्थगित होने के बावजूद गुरुवार को शहर और कई बाहरी इलाकों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से बहाल नहीं हो पाई। चौथे दिन भी पानी नहीं मिलने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार हड़ताल के दौरान पीएचई स्टेशनों पर मशीनरी को नुकसान पहुंचाए जाने और खराब मौसम में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ा है। छन्नी हिम्मत सेक्टर चार, तालाब तिल्लो के कई इलाके, संजय नगर आदि इलाकों में गुरुवार को पेयजल आपूर्ति नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चौथे दिन भी पेयजल के लिए बारिश के मौसम में इधर-उधर घूमने को मजबूर किया जा रहा है, जबकि पीएचई मुलाजिमों की हड़ताल खत्म हो चुकी है। पीएचई विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पीके सूरी का कहना है कि खराब मौसम में बिजली की आपूर्ति कई इलाकों में बंद रही। इसके चलते पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। आपूर्ति बहाल करने की पूरी कोशिश की जा रही है।