कठुआ रेप कांडः PM मोदी के इशारे पर हुए मंत्रियों के इस्तीफे, महबूबा से दो बार की फोन पर बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के दो मंत्रियों लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा के इस्तीफे सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश से हुए। उन्नाव और कठुआ में बलात्कार के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के कैंडल मार्च के बाद मोदी ने इस मुद्दे की निगरानी खुद शुरू की।
मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से कहा कि मैं इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से बातचीत करूं, इससे पहले जम्मू-कश्मीर के दोनों मंत्रियों के इस्तीफे हो जाने चाहिए। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक शाह ने यही संदेश पार्टी महासचिव राम माधव को सुनाया। लाल सिंह और गंगा के पास राम माधव के फोन आए। माधव ने तीन फोन किए।
दो फोन मंत्रियों को इस्तीफे देने के लिए किए गए और तीसरा फोन प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा को आया कि वे इस्तीफे लें। इसे स्वीकृति के लिए गवर्नर के पास भेजने की प्रक्रिया मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के माध्यम से होगी।
मंत्रियों के इस्तीफे के बारे में उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह और सांसद जुगल किशोर शर्मा को पता तक नहीं था। पिछले दिनों बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने सीधे पीएम मोदी को निशाना बनाना शुरू कर दिया था।
CM मुफ्ती ने पीडीपी विधायकों से साथ की बैठक
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक मोदी ने साफ कर दिया कि ऐसे मुद्दे पर किसी तरीके की सियासत उन्हें मंजूर नहीं है। इससे पहले मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पीडीपी विधायकों से साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की।
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महबूबा को चुनौती दी थी कि अगर सीएम गंभीर हैं तो दो मंत्रियों को बर्खास्त क्यों नहीं करतीं, जिन्होंने रैली में शामिल होकर रसाना कांड मामले में आरोपियों के पक्ष में बयान दिए थे।
पीडीपी के सूत्र बताते हैं कि महबूबा पिछले 10 दिनों से गठबंधन के मुद्दे पुनर्विचार कर रही हैं। उन्होंने अपने करीबी रिश्तेदार पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरताज मदनी और मुजफ्फर हुसैन बेग से मशविरा किया। शोपियां और कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान नागरिकों के मारे जाने के बाद उन्हें अपना जनाधार खिसकता नजर आने लगा।
विधायकों से बैठक में उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ने पर समर्थन हासिल कर लिया। इसके बाद महबूबा ने जब मोदी से फोन पर कहा कि लगता है कि मेरे वालिद मुफ्ती साहब का जम्मू और कश्मीर को जोड़ने का ख्वाब पूरा नहीं हो पाएगा। मुझे पार्टी में जवाब देने में मुश्किल हो रही है।
ऐसा ही चलता रहा तो मैं इस्तीफा दे दूंगी। सूत्रों के मुताबिक मोदी ने कहा कि आप सिर्फ आधे घंटे इंतजार करें कठुआ मामले पर मंत्रियों के इस्तीफे हो जाएंगे।