बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मणा कस्बा यातायात और पार्किंग की समस्या से जूझ रहा है। यह समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बाड़ी ब्राह्मणा में पार्किंग की समस्या इतनी उभर कर सामने आ गई है कि इस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। दूसरी ओर नेशनल हाईवे के साथ लगती सर्विस रोड पर गाड़ियों का खड़ा करना आम बात है।
यह पार्किंग आमतौर पर हाईवे के साथ प्राइवेट क्लीनिक के बाहर देखी जा रही है। बाड़ी ब्राह्मणा में हाईवे के साथ कुछ ऐसे क्लीनिक हैं जो हाईवे के साथ हैं। जिनके पास अपनी पार्किंग की सुविधा नहीं है और जो भी मरीज उन क्लीनिक में चेकअप कराने के लिए आते हैं। वह अपनी गाड़ी हाईवे के ऊपर ही पार्क कर देते हैं, जिससे हादसा होने का खतरा हमेशा बना रहता है और बाड़ी ब्राह्मणा जैसे व्यस्त शहर में जाम लगना भी एक आम बात हो जाती है जिसको लेकर प्रशासन भी कोई सख्ती नहीं दिखा रहा है। यह समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इनमें से कुछ क्लीनिक तो बाड़ी ब्राह्मणा के सबसे व्यस्त चौक सिडको चौक में मौजूद हैं। जिनके पास एक गाड़ी के पार्किंग के लिए भी जगह नहीं है। आमतौर पर लोग या तो क्लीनिक के आगे गाड़ी लगा देते हैं जो हाईवे के साथ लगते हुए सर्विस रोड पर खड़े कर देते हैं और यातायात को सुचारु चलने से रोक देते हैं। इस वक्त कोरोना के चलते लॉकडाउन की स्थिति बाड़ी ब्राह्मणा तहसील में बनी हुई है, लेकिन फिर भी जाम की समस्या बन रही है। अगर यातायात सुचारु हो जाता है और लॉकडाउन खत्म हो जाता है तो यह एक गंभीर समस्या बन सकती है। इसलिए प्रशासन और म्यूनिसपल कमेटी को इस ओर ध्यान देना चाहिए और इस समस्या को जल्द से जल्द हल करना चाहिए।