जम्मू-कश्मीरः कोरोना संक्रमित मामलों को देखते हुए स्कूलों में रैंडम सैंपलिंग शुरू
सैनिक स्कूल नगरोटा में 120 छात्रों के आरटीपीसीआर कोविड टेस्ट किए गए
कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी कोविड टेस्टिंग का दायरा बढ़ा जाएगा
प्रदेश में अब तक 1960 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है
वरिष्ठ नागरिकों और बीमार लोगों को कोविड वैक्सीन देने की प्रक्रिया जारी है
विस्तार
स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के कोरोना संक्रमित मामलों को देखते हुए स्कूलों में रैंडम कोविड सैंपलिंग शुरू कर दी है। शुक्रवार को सैनिक स्कूल नगरोटा में 120 छात्रों के आरटीपीसीआर कोविड टेस्ट किए गए। कैप्टन विक्रांत किशोर के दिशानिर्देश और प्रिंसिपल लेफ्टिनेंट कर्नल पवन के सहयोग से स्कूल में शिविर लगाया गया। रिपोर्ट आने तक स्कूल में कक्षाएं शुरू नहीं जाएंगी। स्कूल के दूसरे बैच के छात्रों के भी कोरोना टेस्ट किए जाएंगे।
विभाग कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी कोविड टेस्टिंग का दायरा बढ़ाएगा। बिश्नाह स्कूल में कोरोना संक्रमित अध्यापिका के संपर्क में आए नौ अन्य सदस्यों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्कूल परिसर को सैनिटाइज कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग स्कूलों में संक्रमित मामलों की निगरानी कर रहा है। इसमें संदिग्ध मामले मिलने पर रैंडम सैंपलिंग करने का प्रावधान रहेगा।
कोरोना संक्रमण के प्रसार को लेकर जिले में हालात नियंत्रण में हैं। कोविड चिकित्सा देखभाल में पूरी एहतियात बरती जा रही है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।- डॉ. जेपी सिंह, चिकित्सा अधिकारी, जम्मू।
विज्ञापन विज्ञापन
प्रदेश में 81 नए मामले, जम्मू संभाग में एक और की मौत
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 81 नए मामले मिले, इसमें कश्मीर से 61 मामले हैं। बीते चौबीस घंटे में जम्मू संभाग में कोरोना संक्रमित एक और मरीज ने दम तोड़ दिया है। प्रदेश में अब तक 1960 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जिसमें 1234 मौतें कश्मीर से हुई हैं। वर्तमान में प्रदेश में 891 मामले सक्रिय हैं और यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जम्मू संभाग में राजोरी, डोडा और रामबन कोविड मुक्त चल रहे हैं। कश्मीर में सभी 10 जिलों में संक्रमित मामले सक्रिय हैं। प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 72 संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं, जिसमें कश्मीर संभाग से 41 मरीज शामिल हैं।
11000 वरिष्ठ नागरिकों को लगा टीका
जम्मू-कश्मीर के सरकारी और निजी चिकित्सा केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों और बीमार लोगों को कोविड वैक्सीन देने की प्रक्रिया जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर करीब 11000 वरिष्ठ नागरिकों और बीमार लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दी गई। प्रदेश में इस वर्ग के साथ अन्य लोगों को 16000 वैक्सीन की डोज दी गई।
लेक्चरर के संक्रमित पाए जाने पर स्कूल बंद
उधमपुर जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर चिढ़ेई इलाके में स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में महिला लेक्चरर के संक्रमित पाए जाने के बाद स्कूल को रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। स्कूल को सैनिटाइज करने के बाद सोमवार को खोला जाएगा।
स्कूल के अंदर महिला लेक्चरर के संपर्क में रहने पर 50 विद्यार्थियों और शिक्षकों को होम क्वारंटीन किया गया है। जल्द ही इनके कोरोना टेस्ट करवाए जाएंगे। जिले में पहली बार किसी स्कूल में शिक्षक के संक्रमित पाए जाने के बाद अभिभावक भी चिंतित हो गए हैं।
सरकार की तरफ से पूरे प्रदेश में स्कूलों को खोल दिया गया है, लेकिन लगातार शिक्षकों व विद्यार्थियों की सेहत की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। हायर सेकेंडरी स्कूल चिढ़ेई में नियुक्त लेक्चरर ने 27 फरवरी को जम्मू में कोरोना टेस्ट करवाया था। लेक्चरर जम्मू की रहने वाली है। आरटीपीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट तीन मार्च बुधवार को सामने आई, जिसमें लेक्चरर संक्रमित पाई गई।
इसके बारे में स्कूल को सूचित कर दिया गया, लेकिन वीरवार को स्कूल को बंद नहीं किया गया। स्कूल नियमित तरीके से चलता रहा। शाम के समय जब इसके बारे में उच्च अधिकारियों को सूचना मिली तो सीईओ ने आनन फानन में स्कूल को रविवार तक बंद रखने के आदेश जारी कर दिए।
वहीं स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित लेक्चरर के संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करने का काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को दोपहर तक 50 लोगों की पहचान कर सबको होम क्वारंटीन कर लिया गया है। क्वारंटीन किए गए ज्यादातर छात्र व छात्राएं है। शिक्षा विभाग ने स्कूल को सैनिटाइज करने के साथ फागिंग भी करवाई है।
लेक्चरर के संक्रमित पाए जाने के बाद 50 लोगों की पहचान कर ली गई है। अभी इनके कोरोना टेस्ट नहीं करवाए गए हैं। चार से पांच दिन तक इनकी सेहत नजर रखी जाएगी और फिर उसके बाद इन सभी के कोरोना टेस्ट करवाए जाएंगे। -डॉ. यासीन, डीएचओ उधमपुर