अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सतवारी थाने के अंतर्गत आते दशमेश नगर इलाके में शनिवार की रात एक सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर में घुसने के लिए पहले खिड़की पर लगी जाली काटी, फिर शीशा तोड़ा। इसके बाद एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, इन्वर्टर, बाथरूम से लगे नल सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया।
जानकारी के अनुसार ये घर अवतार सिंह का है जो कश्मीर के मट्टन इलाके के रहने वाले हैं। गर्मियों के समय वह ज्यादातर कश्मीर में ही रहते हैं। दशमेश नगर स्थित उनका घर बंद ही रहता है। इस गली में बने ज्यादातर घरों के मालिक कश्मीर में ही रहते हैं। कुछ घरों में किरायेदार हैं जबकि कुछ पूरी तरह से बंद पड़े हैं। शनिवार को चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी। उसके बाद वह खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर घुसे। घर में नकदी, जेवरात जैसे कीमती सामान तो नहीं था इसलिए चोर एलईडी, गैस चूल्हा, गैस सिलेंडर बाथरूम में लगे नल उताकर कर ले गए। सूचना मिलने पर सतवारी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। सतवारी थाना प्रभारी सुशील कुमार ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ब्यूरो