LOC पर बातचीत इंटरसेप्ट हुई, फिदायीन हमले की योजना
एलओसी पर आतंकी पुंछ जिले की मेंढर तहसील में तत्तापानी क्षेत्र में फिदायीन हमले को अंजाम दे सकते हैं। सोमवार की रात गश्त पर निकले जवानों ने आतंकियों के बीच वायरलेस सेट पर हो रही बातचीत को इंटरसेप्ट किया है।
इसके अनुसार आगामी कुछ दिनों में इस क्षेत्र में भारतीय चौकियों पर फिदायीन हमले हो सकते हैं। आतंकियों की बातचीत इंटरसेप्ट होने के बाद चौकसी बढ़ा दी गई है।
सोमवार को बिजबेहाड़ा में सीआरपीएफ काफि ले पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाले हिजबुल मुजाहिदीन के प्रवक्ता बुरहानउद्दीन ने तत्तापानी क्षेत्र में हमले का भी दावा किया था। एलओसी पर सेना की कड़ी चौकसी से घुसपैठ में नाकाम आतंकियों ने भारतीय चौकियों पर फिदायीन हमले की तैयारी की है।
इसके लिए बालाकोट से साब्जिया तक लगभग 150 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा पर कई स्थानों पर आतंकी रैकी करने में जुटे हुए हैं। इनमें से आतंकियों के एक दल को करीब चार दिन पूर्व सेना ने मार गिराया था।
खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गई
एलओसी पर लंबे समय बाद बातचीत इंटरसेप्ट होने के बाद खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं। तत्तापानी क्षेत्र पहले से ही काफी संवेदनशील रहा है।
2006 में पुंछ के चक्का दा बाग की राहे मिलन की ही तरह भारत-पाकिस्तान के बिछुड़े परिवारों को मिलवाने के लिए यहां राहे अमन की स्थापना की गई थी और लोगों को आर-पार भेजना शुरू किया गया था।
लेकिन तत्तापानी क्षेत्र से आतंकियों के घुसपैठ के लगातार प्रयासों के बाद इसे बंद कर दिया गया। इसके बाद इस क्षेत्र में कई घुसपैठियों को सेना ने मार गिराया। बालाकोट में सेना के जवानों का सिर काट ले जाने वाले आतंकियों के साथ अनवर को भी सेना ने इसी क्षेत्र में मार गिराया था।