Terrorist arrested: रामबन में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले का मुख्य साजिशकर्ता आतंकी काबू, दो ग्रेनेड भी बरामद
पुलिस के अनुसार दो अगस्त को हमले के बाद छह अगस्त को दो आतंकी पकड़े गए थे। आतंकियों ने बताया था कि हमले के लिए उन्हें 50 हजार रुपये दिए गए थे। इसके बाद छानबीन में शौकत का नाम आया।
विस्तार
रामबन की इंद पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले के मुख्य साजिशकर्ता आतंकी को पुलिस ने दो ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया है। दो अगस्त को इंद पुलिस चौकी पर हमले में दो पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। हमले के साजिशकर्ता की पहचान शौकत अली निवासी ठाकराकोट रियासी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दो अगस्त को हमले के बाद छह अगस्त को दो आतंकी पकड़े गए थे। आतंकियों ने बताया था कि हमले के लिए उन्हें 50 हजार रुपये दिए गए थे। इसके बाद छानबीन में शौकत का नाम आया।
पुलिस ने शौकत को हिरासत में लिया तो उसने इंद क्षेत्र के जब्बार के जंगल में ग्रेनेड छिपाने की बात बताई। इस पर पुलिस ने ग्रेनेड भी बरामद कर लिए। एसएसपी रामबन मोहिता शर्मा के अनुसार मुख्य साजिशकर्ता पकड़ा गया है। उसने जंगल में ग्रेनेड छिपा रखे थे, जिनका इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले में किया जाना था।
सोपोर में लश्कर का हाइब्रिड आतंकी गिरफ्तार
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में लश्कर ए ताइबा के एक हाइब्रिड आतंकी को सुरक्षा बलों ने शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्टल तथा गोलियां बरामद की गई हैं। वह सुरक्षा बलों तथा नागरिकों पर हमले के लिए मौके की फिराक में था।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आतंकी की शिनाख्त बटपोरा निवासी साकिब शकील डार के रूप में हुई है। सोपोर-कुपवाड़ा रोड पर सुरक्षा बलों ने चेक ब्रथ लिंक रोड पर नाका लगा रखा था। इस दौरान उसे रुकने को कहा गया तो वह मौके से भागने लगा। लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। संवाद