जम्मू कश्मीर में बदल रहा मौसम, जम्मू में पारा 32 डिग्री तक पहुंचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। जम्मू में सामान्य से पांच डिग्री चढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन गुजरा। यहां रात का पारा भी चार डिग्री बढ़ोतरी के साथ 18.5 डिग्री तक पहुंच गया है।
इसके विपरीत घाटी के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश से दिन का पारा अभी सामान्य से 5-6 डिग्री नीचे बना हुआ है। इस बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीनगर से जम्मू के लिए चार हजार छोटे बड़े वाहनों को भेजा गया।
मुगल रोड को आगामी 15 अप्रैल तक यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
घाटी के कई इलाकों में बारिश
घाटी में श्रीनगर, पहलगाम, कोकरनाग सहित अन्य इलाकों में बारिश हुई। उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से ठंडक बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ यशपाल शर्मा के अनुसार जम्मू में अभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। मार्च में कई बार दिन का तापमान तीस डिग्री से ऊपर गया है।
लोकनिर्माण मंत्री नईम अख्तर ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बर्फबारी और भूस्खलन के बंद पड़े सड़क मार्गों को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। रियासत की अर्थ व्यवस्था में लाइफ लाइन की भूमिका निभाने वाले खासतौर पर ग्रामीण सड़क मार्गों को प्राथमिकता पर खोला जाए। मुख्य अभियंता आरएंडबी ने बताया कि डोडा-किश्तवाड़ को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। मुगल रोड पर शोपियां की ओर से 22 किमी. और राजोरी की ओर से 18 किमी. सड़क को क्लीयर कर लिया गया है।
अभी 43 किमी. मार्ग पर काम किया जा रहा है। मौसम साफ होने पर आगामी 15 अप्रैल तक मुगल रोड को खोलना प्रस्तावित है। बसोहली-भद्रवाह में छत्तरगला टनल की प्रिलिमनरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट को तैयार कर लिया गया है और इसे जल्द केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।