स्वाइन फ्लू का खौफ, विदेशियों पर खास नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में आने वाले विदेशियों से स्वाइन फ्लू आने की आशंका के चलते प्रशासन ने इन पर खास नजर रखना शुरू किया है। शहर के एयरपोर्ट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर आने वाले विदेशियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
यदि किसी भी विदेशी शख्स में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखे, तो उनके तुरंत सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही यात्रियों को मास्क पहनने के लिए कहा जा रहा है। यहां तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी ड्यूटी के वक्त मास्क पहनना शुरू कर दिया है।
जम्मू के मंडलायुक्त शांतमनु ने ‘अमर उजाला’ को जानकारी दी कि आने वाले विदेशियों पर खास नजर रखी जा रही है। यदि किसी में इसके लक्षण दिख रहे हैं तो उसकी जांच की जा रही है। वहीं आने वाले अन्य यात्रियों पर भी नजर रखने के लिए कहा गया है।
अभी इन जगहों पर कोई विशेष कैंप तो नहीं लगाए गए, लेकिन एहतियात के तौर पर सावधानियां बरती जा रही हैं। यदि जरूरत पड़ी तो यहां पर विशेष कैंप लगा दिए जाएंगे। अभी फिलहाल जो विदेशी हैं, उनकी स्क्रीनिंग की जा रही है।
इन जगहों पर तैनात सुरक्षा बलों और अन्य कर्मचारियों ने मास्क पहनकर काम करना शुरू कर दिया है, ताकि कोई इस बीमारी से ग्रस्त न हो सके।
सेना भी स्वाइन फ्लू से लड़ने को तैयार
सेना के जवानों और अधिकारियों को स्वाइन फ्लू से बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। रियासत के तमाम सैन्य अस्पतालों, स्टेशन हेडक्वार्टरों और ट्रांजिट कैंपों में इसे लेकर एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जवानों को विशेष डाक्टरों से लेक्चर दिए जा रहे हैं। अब तक राज्य में एक जवान को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। जवान को सतवारी के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां चार अन्य जवानों को संदिग्ध स्वाइन फ्लू होने के चलते भर्ती कराया गया है।
जम्मू में सेना के प्रवक्ता मुनीष मेहता ने बताया कि जवानों को स्वाइन फ्लू से बचाने की कोशिश की जा रही है। सैन्य अस्पतालों में इसके लिए आइसोलेशन वार्ड स्थापित कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध मरीज के दिखने पर उसको अलग रखा जा सके। स्टेशन हेडक्वार्टरों और ट्रांजिट कैंपों में विशेषज्ञों की ओर से लेक्चर दिए जा रहे हैं, ताकि जवान इसके बारे में जागरूक हो सकें।