किश्तवाड़ में डेढ़ साल में 6 आतंकी हमले, तीन नेताओं समेत चार की हत्या
-सुरक्षाबलों भी मुठभेड़ में ढेर कर चुके चार आतंकी, एक आतंकी समेत 24 ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार किए
-लंबे अंतराल के बाद एक नंवबर 2018 से शुरू हुई आतंकी गतिविधियां नहीं थम रहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किश्तवाड़ जिले में सोमवार को दो एसपीओ पर हुए आतंकी हमले ने सुरक्षा बलों की चिंता और बढ़ा दी है। लंबे अंतराल के बाद एक नवंबर 2018 से शुरू हुईं आतंकी गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रहीं हालांकि सुरक्षाबल आतंक के खात्मे के लिए डटे हुए हैं, इसमें कामयाब भी हो रहे हैं। किश्तवाड़ में डेढ़ साल में करीब छह आतंकी हमले हो चुके हैं। इनमें भाजपा और आरएसएस के नेताओं समेत चार की हत्या कर दी गई। इस दौरान हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने चार आतंकी भी मार गिराए हैं। अभी तक एक आतंकी समेत दो दर्जन से अधिक ओजीडब्ल्यू भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एक नवंबर 2018 की रात आतंकियों ने परिहार बंधुओं को गोली मारी थी। भाजपा प्रदेश सचिव अनिल परिहार और उनके भाई अजीत परिहार की हत्या कर आतंकी फरार हो गए थे। इस हमले के पांच महीने बाद नौ अप्रैल 2019 को किश्तवाड़ जिला अस्पताल में आतंकियों ने आरएसएस नेता चंद्रकात और उनके अंगरक्षक की गोली मार कर हत्या कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों की चिंता और भी बढ़ गई और आतंकियों की तलाश शुरू की थी। इस बीच एनआईए की टीम ने भी आतंकियों को पकड़ने के लिए किश्तवाड़ में डेरा जमाया था। नौ अक्तूबर 2019 को रामबन के बटोत में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने चार आतंकी मार गिराए थे। इनमें से दो आतंकी दच्छन इलाके के थे। इनमें परिहार बंधुओं की हत्या करने वाले आतंकी भी मारे गए थे।
आठ मार्च 2019 को आतंकी डीसी के अंगरक्षक की राइफल छीन कर ले गए थे। अंगरक्षक किराए के कमरे में रहता था। आतंकियों ने यहीं पर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद 13 सितंबर 2019 पीडीपी के जिला प्रधान नासिर हुसैन शेख के घर से अंगरक्षक को बंधक बनाकर राइफल लूट कर ले गए थे। आतंकियों ने नासिर हुसैन के पूरे परिवार को बंधक बनाया था। 22 दिसंबर को भी आतंकियों ने सुरक्षाबलों के काफिले पर हमला किया था और इसमें दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे।
24 जुलाई 2019 को लश्कर के आतंकी जमालदीन को डोडा के ठाठरी से पकड़ा था। चार नवंबर 2019 को किश्तवाड़ से आठ किलोग्राम आरडीएक्स पकड़ने में कामयाबी मिली थी। इसके अलावा अभी तक दो दर्जन से अधिक ओजीडब्ल्यू को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।