Shah Jammu visit: मोदी सरकार का रोडमैप-विकास का एजेंडा लोगों के समक्ष रखेंगे शाह, प्रदेश में करेंगे दो जनसभा
गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के बारे में राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बताया कि प्रदेश में दो बड़ी रैलियां होंगी। उन्होंने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी के कार्यकाल में राजोरी और बारामुला जिलों को पिछड़ा जिला माना जाता था, लेकिन पांच अगस्त 2019 को मोदी सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसले से तस्वीर बदल चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गृह मंत्री अमित शाह तीस सितंबर से दो अक्तूबर तक जम्मू-कश्मीर के अपने प्रस्तावित दौरे में जम्मू कश्मीर को लेकर मोदी सरकार का रोडमैप और विकास का एजेंडा लोगों के समक्ष रखेंगे। एक अक्तूबर को जम्मू संभाग के राजोरी जिले और दो अक्तूबर को कश्मीर संभाग के बारामुला जिले में ऐतिहासिक रैलियों में अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद जम्मू कश्मीर में बदली तस्वीर भी साफ बयां होगी।
यह बात भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कही। वह रविवार को भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना व अन्य नेताओं की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। चुग ने कहा, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी के कार्यकाल में राजोरी और बारामुला जिलों को पिछड़ा जिला माना जाता था, लेकिन पांच अगस्त 2019 को मोदी सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसले से तस्वीर बदल चुकी है।
अब हालत यह है कि गृह मंत्री अमित शाह इन्हीं दो जिलों में रिकॉर्ड तोड़ रैलियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर में अनुसूचित जनजाति वर्ग हो या अनुसूचित जाति हर वर्ग के कल्याण व विकास की दिशा में मोदी सरकार ने फैसले लिए हैं और इसका लाभ जमीनी स्तर पर लोगों को मिल रहा है।
पहले केवल अब्दुल्ला और मुफ्ती परिवार तक ही विकास सीमित रहता था। इस मकड़जाल से मुक्ति दिलाने का काम मोदी सरकार ने किया है उन्होंने कहा, अब जम्मू-कश्मीर का पानी भी काम आ रहा है और जवानी भी। पर्यटन भी फलफूल रहा है।
एक सवाल के जवाब में चुग ने कहा, जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रक्रिया चल रही है। चुनाव आयोग के फैसले के बाद भाजपा चुनाव के लिए हर वक्त तैयार है। सुप्रीम कोर्ट के अनुच्छेद 370 की सुनवाई का फैसला लेने के सवाल के जवाब में चुग ने कहा कि अनुच्छेद 370 इतिहास हो चुका है और अब कभी लौटकर नहीं आएगा।
संसदीय नियमों व कानून के तहत ही इसको समाप्त करने का काम किया गया है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री डॉ. देवेंद्र कुमार मनेयाल आदि भी मौजूद रहे।
जम्मू में मेयर, डिप्टी मेयर के नाम तय करना पार्टी का आंतरिक मामला
राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा, जम्मू नगर निगम के मेयर व डिप्टी मेयर के नाम तय करना पार्टी का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा, मेयर व डिप्टी मेयर को लेकर चल रही चर्चाओं की उन्हें अभी जानकारी नहीं है। वह पार्टी नेताओं से बैठक कर इसकी जानकारी लेंगे।