कश्मीर के अलगाववादी दुनिया भर में बेनकाब: जितेंद्र सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर के अलगाववादियों के दुनिया भर में बेनकाब हो जाने का दावा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 500, 1000 के नोटों के विमुद्रीकरण के फैसले को देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के हित में बताया है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की फंडिंग का नेटवर्क तोड़ने में अहम मदद मिलेगी। जन सेवा वितरण और सेवा अधिनियम के अधिकारों को राज्यों में लागू करने के विषय पर जम्मू में जारी राष्ट्रीय कार्यशाला में हिस्सा लेने आए केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में ये शब्द कहें।
सिंह ने कश्मीर के लोगों के अलावा पूरी दुनिया को अब पता चल चुका है कि अपने बच्चों को विदेशों में भेजने वाले अलगाववादी किस तरह से मासूमों को बरगला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब युवा वर्ग अलगाववादियों के खिलाफ होने लगा है और स्कूल खुलना भी शुरू होने लगा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को जलाने की घटनाओं के बाद केंद्र सरकार राज्य सरकार के संपर्क में है। राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि जल्द स्कूल खुलेंगे।
'प्रधानमंत्री की विश्वसनीयता पर देशवासियों को भरोसा'
उन्होंने विमुद्रीकरण के फैसले का विरोध कर रही कांग्रेस व कुछ अन्य पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता ने काले धन के खिलाफ ऐतिहासिक फैसले का स्वागत किया है। इससे थोड़ी बहुत परेशानियां लोगों को आ रही है, लेकिन लोग देश के हित में कुछ समस्याओं को सहने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश में खाद्य पदार्थों की कमी को देखते हुए व्रत रखने का देशवासियों से आह्वान किया था और देश के नागरिकों ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर अमल अदायगी की थी।
देश की स्वतंत्रता के बाद यह दूसरा मौका है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमुद्रीकरण के बड़े फैसले को देश की जनता ने स्वीकार कर पूर्ण समर्थन दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री की विश्वसनीयता पर देशवासियों को भरोसा है।
सरहदी इलाकों के घरों में भी बनेंगे बंकर
केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पाक गोलाबारी के बाद सरहदी इलाकों के लोगों को पलायन कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। पिछले कुछ दिनों से हालात बेहतर है। लोग घरों को लौट गए हैं या लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार हुआ कि प्रशासन व सरकार की तरफ से सरहदी इलाकों के लोगों को शिविरों में हर सुविधा मुहैया करवाई गई।
उन्होंने कहा कि सरहदी इलाकों में सामुदायिक बंकर बनाए गए हैं और बन रहे हैं। इन बंकरों में खाना तक बना सकते हैं। लोगों की मांग पर अब लोगों के घरों में भी बंकर बनाए जाएंगे। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री के बयान के अलावा जम्मू विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर के आतंकी बुरहान वानी पर दिए बयान पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
उन्होंने दिल्ली में एटीएम के बाहर कतार में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खड़े होने पर चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल को यह बताना चाहिए कि विमुद्रीकरण के फैसले से पूर्व राहुल गांधी एटीएम से रुपये निकालने किसे भेजते थे।