J&K: IED की सूचना से मचा हड़कंप, सुरक्षा बलों ने बरामद कर किया निष्क्रिय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बारामुला-श्रीनगर हाईवे पर श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र में स्थित एचएमटी फैक्ट्री के पास बैग में आईईडी की सूचना पर हड़कंप मच गया। मलूरा इलाके में सुरक्षा बलों की पेट्रोल पार्टी की नजर इस बैग पर पड़ी। इसके बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया।
बैग से कुछ तार लटक रहे थे। इसके बाद लोगों ने सुरक्षा बलों को सूचना दी। अफवाह उड़ने लगी कि एचएमटी फैक्ट्री को उड़ाने की साजिश के तहत आईईडी प्लांट किया गया है। पुलिस के अनुसार बैग की सूचना पाकर बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा।
तलाशी में तारों के सिवा कुछ नहीं निकला। बैग को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल बैग किसका है, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार बैग में आईईडी नहीं थी। ज्ञात हो कि शनिवार को भी एचएमटी इलाके में पांच से सात किलो के आईईडी को सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय किया था, जो सड़क किनारे प्लांट किया गया था।
आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा बलों की कानवाई इसी रास्ते से जाती है। इस वजह से उसे निशाना बनाने की आतंकियों ने साजिश रची है। आईईडी से सुरक्षा बलों को अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाने की साजिश बताई जा रही है। छह जनवरी को सोपोर में आईईडी ब्लास्ट कर आतंकियों ने चार पुलिसकर्मियों की जान ले ली थी।
शोपियां में कासो के दौरान भड़की हिंसा
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के क्रालचक इलाके में रविवार को कासो के दौरान हिंसा भड़क उठी। दो आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर जैसे ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेरेबंदी शुरू की तो युवा सड़कों पर उतर आए।
उन्होंने आतंकियों को भागने में मदद करने के लिए सुरक्षा बलों पर जमकर पथराव किया। पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इलाके में काफी देर तक हिंसक झड़पें जारी रहने कारण तनाव बना रहा।
उधर, श्रीनगर के पुराने हब्बा कदल पुल से चिकराल मोहल्ला तक सुबह एसओजी और सीआरपीएफ ने कासो चलाया। सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि क्षेत्र में आतंकी मौजूद हैं और किसी बड़े हमले की फिराक में हैं।
सुबह दस बजे के करीब कासो शुरू किया गया और पुल क्षेत्र व घर-घर तलाशी ली गई। चितराल मोहल्ले तक एसओजी और सीआरपीएफ के जवानों ने चप्पे-चप्पे को खंगाला, लेकिन कहीं से भी कोई सफलता हासिल नहीं हुई।