Jammu Kashmir: बम-बम भोले के जयकारों के बीच रवाना हुई छड़ी मुबारक, 28 को पवित्र गुफा में होगी स्थापना
श्रीनगर के दशमी अखाड़े से पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद छड़ी मुबारक अमरनाथ की पवित्र गुफा के लिए रवाना हुई, जो 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन गुफा पहुंचेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छड़ी मुबारक शनिवार को पारंपरिक पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रीनगर के दशमी अखाड़े से अमरनाथ की पवित्र गुफा के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही वार्षिक अमरनाथ यात्रा के महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया।
छड़ी मुबारक के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि ने बताया कि यात्रा के दौरान छड़ी मुबारक पारंपरिक पड़ावों पर रुकते हुए पहलगाम पहुंचेगी। वहां धार्मिक अनुष्ठानों के बाद आगे की यात्रा जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को छड़ी मुबारक चंदनवाड़ी और 25 अगस्त को शेषनाग में रुकेगी। इसके बाद 26 और 27 अगस्त को पंचतरणी में दो रात का पड़ाव होगा। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन सुबह छड़ी मुबारक को अमरनाथ की पवित्र गुफा में ले जाया जाएगा।
पवित्र गुफा में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक पूजा के बीच छड़ी मुबारक की स्थापना की जाएगी। इसके बाद यह वापस पंचतरणी लौटेगी और रात वहीं विश्राम होगा। 29 अगस्त को छड़ी मुबारक शेषनाग और चंदनवाड़ी होते हुए पहलगाम के लिए रवाना होगी। 30 अगस्त को पूजा-अर्चना और विसर्जन के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
पुंछ पहुंचा बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का पांचवां जत्था
इसी बीच पुंछ में बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का पांचवां जत्था शनिवार को पहुंचा। देश के विभिन्न हिस्सों से आए करीब 2,700 श्रद्धालुओं का स्थानीय लोगों और पुंछ जिला पुलिस ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान किए गए सुरक्षा और अन्य इंतजामों की सराहना की। गुजरात के बोटाद जिले से आए श्रद्धालु रमेश चावड़ा ने बताया कि करीब 43 लोगों का दल एक बस से यात्रा पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पुंछ का माहौल बेहद अच्छा है और सेना व पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को किसी तरह की चिंता नहीं है।
श्रद्धालु केतकी व्यास ने बताया कि यह उनकी दूसरी यात्रा है। पिछली यात्रा के अनुभव से उत्साहित होकर वे दोबारा यहां आई हैं और आगे भी दूसरों को बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन के लिए आने के लिए प्रेरित करेंगी।
श्रद्धालुओं ने बताया कि पुंछ में हल्की बारिश के बीच यात्रा का माहौल बेहद सुखद बना हुआ है। श्रद्धालु रविवार को बाबा बूढ़ा अमरनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे।