Terror Attack: पुंछ में इस साल दूसरा आतंकी हमला, पिछले तीन हमलों का मोडस ऑपरेंडी एक जैसा
इससे पहले आतंकियों ने 12 जनवरी को कृष्णा घाटी इलाके में सैन्य वाहनों को निशाना बनाया था, जिसमें चार जवान बलिदान हो गए थे।
विस्तार
पुंछ में इस साल सेना के काफिले पर यह दूसरा हमला है और बीते दिसंबर से तीसरा। इससे पहले आतंकियों ने 12 जनवरी को कृष्णा घाटी इलाके में सैन्य वाहनों को निशाना बनाया था, जिसमें चार जवान बलिदान हो गए थे। उससे पहले 22 दिसंबर 2023 को डेरा की गली इलाके में सैन्य वाहनों पर हमला किया गया था। अब यह तीसरा हमला है। इन तीनों हमलों में पांच जवान बलिदान हो गए, जबकि कई जवान घायल हुए हैं।
पुंछ में तीनों हमलों की मॉडस ऑपरेंडी एक
पुंछ में दिसंबर से हुए तीनों हमलों की मॉडस ऑपरेंडी एक है। पहले से घात लगाए आतंकियों की ओर से शाम के वक्त सैन्य वाहनों पर हमले किए जा रहे हैं। यह हमले जंगल वाले इलाकों में हो रहे हैं। इसके बाद आतंकी भागकर जंगलों में छिप जा रहे हैं। अंधेरे का लाभ उठाकर आतंकी जंगल में दूर तक निकल जा रहे हैं।
30 महीने...छठी वारदात, 21 जवान बलिदान
पुंछ में पिछले 30 महीनों में आतंकियों की ओर से हमले की यह छठी घटना है। 2021 से शुरू हुई घटनाओं में अब तक 21 जवान बलिदान हो गए हैं। इन घटनाओं में कई जवान घायल भी हुए हैं।
कब-कब हुए बड़े हमले
- 11 अक्तूबर 2021: चमरेड इलाके में घात लगाकर जवानों पर हमला, जेसीओ समेत पांच बलिदान।
- 20 अक्तूबर 2021: भाटादूड़िया में सर्च ऑपरेशन के दौरान हमले में छह जवान बलिदान। डेढ़ माह तक जम्मू-पुंछ हाईवे को बंद कर चलाया गया तलाशी अभियान।
- 20 अप्रैल 2023: भाटादूड़िया इलाके में सैन्य वाहन को घेरकर पहले ग्रेनेड से हमला, फिर गोलाबारी, पांच जवान बलिदान।
- 21 दिसंबर 2023: डेरा की गली सावनी इलाके में घात लगाकर सैन्य वाहनों में किए गए हमले में पांच जवान बलिदान, दो घायल।
- 12 जनवरी 2024: कृष्णाघाटी के दराती में सैन्य वाहनों पर फायरिंग, नुकसान नहीं।
- 04 मई 2024ः पुंछ के सुरनकोट इलाके में एयरफोर्स के वाहनों पर हमला, एक जवान बलिदान, चार अन्य घायल