फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Samba accident: groom going to his reception with friend trolley overturned on car both died

मातम में बदली खुशियां: दोस्त के साथ अपनी रिसेप्शन में जा रहा था दूल्हा, कार पर पलटा ट्राला, दोनों की मौत

Mon, 11 Dec 2023 10:42 AM IST
kumar गुलशन कुमार अमर उजाला नेटवर्क, सांबा
अमर उजाला नेटवर्क, सांबा Published by: kumar गुलशन कुमार Updated Mon, 11 Dec 2023 10:42 AM IST
सार

सांबा में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। इनमें से एक युवक की दो दिन पहले ही शादी हुई थी। दूल्हा अपने दोस्त के साथ अपनी ही रिसेप्शन में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में उनकी कार दुर्घटना का शिकार हो गई। 

विज्ञापन
Samba accident: groom going to his reception with friend trolley overturned on car both died
मृतक सुशील की फाइल फोटो - फोटो : संवाद

विस्तार

सांबा जिले के नानके चक में हाईवे पर रविवार शाम को सामान से लदा एक ट्रॉला सड़क के किनारे खड़ी एक कार पर पलट गया। इस दुर्घटना में कार में सवार दो लोगों की दबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों कार सवार रिसेप्शन में शामिल होने जा रहे थे। उनमें से एक युवक वह था, जिसकी रिसेप्शन थी। दो दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार रविवार शाम को सुशील कुमार पुत्र मन सुख दियाल निवासी लंगथ अपने दोस्त रोमी कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी बढेरी सांबा के साथ शादी के रिसेप्शन के लिए कैली मंडी जाने को कार में सवार होकर निकला था। जब कार (जेके21जी-1311) नानके चक में लिंक मार्ग से हाईवे पर चढ़ने जा रही थी, उसी दौरान हाईवे से एक ट्रॉला (पीबी04जी-9375) गुजर रहा था, जिसमें तेल की टीन, किराने का सामान, आदि भरा हुआ था। उस जगह मार्ग ऊबड़-खाबड़ होने के कारण ट्रॉला असंतुलित हो गया और हाईवे पर चढ़ रही कार के ऊपर पलट गया। इस दुर्घटना के बाद मौके पर जाम लग गया और लोग जमा हो गए।

विज्ञापन

ट्रॉले के नीचे दबे कार सवारों को निकालना लोगों के बस की बात नहीं थी, इसलिए उन्होंने पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन मंगाई और ट्रॉला को हटवाया। तब ट्रॉला के नीचे दबी कार से दोनों सवारों को निकाला। वे गंभीर रूप से घायल थे। ट्रॉला के नीचे दबने से कार भी पूरी तरह पिचक गई थी। पुलिस और लोगों ने घायल कार सवारों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां, डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में था अफरातफरी का माहौल

दुर्घटना के बाद घायलों को सांबा जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। सुशील के रिसेप्शन में पहले से पहुंच चुके सभी रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा। सभी तरफ से रोने-चीखने की आवाजें आ रही थीं।

Samba accident: groom going to his reception with friend trolley overturned on car both died
samba accident - फोटो : अविनाश संब्याल

मातम में बदल गई शादी की खुशियां
सुशील कुमार की शादी गत शुक्रवार को ही हुई थी। पुरमंडल के गांव खड़ा मदाना में उसकी ससुराल थी। रविवार को कैली मंडी के एक रिजॉर्ट में उसकी शादी का रिसेप्शन था। इस दुर्घटना ने इस खुशी के मौके को गहरे गम में बदल दिया।

विज्ञापन

ब्यूटी पार्लर में पत्नी कर रही थी पति का इंतजार, पहुंची मौत की खबर

सांबा। जिले के बढेरी पंचायत के गांव लंगथ में मन सुख दियाल के घर खुशियां मनाई जा रही थीं। सभी लोग तैयार होकर रिसेप्शन में जा रहे थे। कुछ रिश्तेदार कैली मंडी के रिजॉर्ट में पहुंच चुके थे। सुशील की पत्नी शानवी उस समय सांबा के एक ब्यूटी पार्लर में पति का इंतजार कर रही थी। उसके आने पर दोनों को रिसेप्शन में पहुंचना था। लेकिन, ऐसा हो न सका। ब्यूटी पार्लर में उसे लेने उसका पति नहीं पहुंचा, बल्कि पति की मौत की खबर पहुंची। जब शानवी ने पति की मौत की खबर सुनी तो नवविवाहिता की सारी खुशियां मातम में बदल गईं। पार्लर से निकल वह फौरन अस्पताल पहुंची। वहां मृतक सुशील के ससुर कृष्ण चंद पहले से ही फूट-फूट कर रो रहे थे। परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में पहुंच गए थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इतनी जल्दी सब कुछ कैसे हो गया। बताया गया है कि सुशील एक निजी कंपनी में काम करता था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed