कुपवाड़ा: हत्या आरोपी की मौत पर बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हत्या के एक आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद बुधवार को कुपवाड़ा में बवाल हो गया। पुलिस को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए लोगों ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने इलाके में कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लागू कर दिए।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया था, जहां से वह बाथरूम जाने के बहाने फरार हो गया था। बुधवार सुबह उसकी लाश मिली। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एक चौकी अफसर तथा दो अन्य को निलंबित कर दिया गया है।
पूरे घटनाक्रम के मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं। बुधवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली कि पुलिस हिरासत में हत्या के मामले में आरोपी नजीर अहमद मुगल की मौत हो गई है, तो लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे तनावपूर्ण माहौल बन गया।
लोगों का आरोप था कि पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई है। रोष प्रकट करते हुए लोगों ने नजीर अहमद के नमाज-ए-जनाजा को जलूस के रूप में निकाला। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जनाजे में शामिल इलाके के सरपंच गुलाम मोहम्मद शेख ने बताया कि पुलिस नजीर को कुछ दिन पहले ले गई थी। बुधवार को उसकी मौत की खबर मिली। उनके अनुसार मौत पूछताछ के दौरान हुई है। इसकी जांच होनी चाहिए।
नहीं लौटा, तो बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया
वहीं कुपवाड़ा के उप जिला अस्पताल के एक डॉक्टर के अनुसार नजीर को मंगलवार शाम सात बजे अस्पताल लाया गया, जिसका प्राथमिक उपचार किया गया और फिर ईसीजी और एक्स-रे करवाने को कहा गया। पुलिस द्वारा उसे वहां से ले जाने के बाद वापस नहीं लाया गया।
बुधवार सुबह उसे यहां मृत हालत में लाया गया। उधर, कुपवाड़ा के एसएसपी राहुल मलिक ने बताया कि नजीर के खिलाफ हत्या के आरोप में पुलिस स्टेशन त्रेहगाम में धारा 364/302 के अंतर्गत एफआईआर 76/2014 दर्ज थी। इसी मामले में उसे पुलिस चौकी जिरहामा में पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन अचानक उसके सीने में दर्द होने के कारण मंगलवार शाम को कुपवाड़ा के उप जिला अस्पताल ले जाया गया था।
यहां कुछ घंटो के इलाज के बाद डाक्टरों ने उसे वापस ले जाने को कहा। मलिक ने बताया कि इस बीच आरोपी बहाना बनाकर बाथरूम गया। आधे घंटे तक जब बाहर नहीं लौटा, तो बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया। तब पता चला कि वह बाथरूम की खिड़की से फरार हो गया था। बुधवार सुबह उसकी लाश मिली।
उन्होंने बताया कि भागने के दौरान उसकी मौत हुई। मामले में फिलहाल एक चौकी अफसर और दो अन्य कांस्टेबल को सस्पेंड किया गया है। वहीं इस घटना में पुलिस की जांच के अलावा मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। लोगों को आश्वासन दिया गया है कि जांच पूरी तरह से निष्पक्ष होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे सजा दी जाएगी।