Reasi Terrorist Arrested: फायर करो..फायर करो चिल्लाते हुए ग्रामीणों ने आतंकियों को दबोचा, गुत्थमगुत्था होने के बाद भी नहीं डरे
रियासी में ग्रामीणों की बहादुरी और चतुराई से लश्कर के दो आतंकी पकड़े गए। ग्रामीणों ने बताया कि जब आतंकियों को वह पकड़ने लगे तो एक आतंकी भागने लगा। जब लोग चिल्लाए - फायर करो तो यह सुनकर आतंकी मौके पर ही लेट गया। इसके बाद दोनों को रस्सी से बांधकर एसडीपीओ को सूचना दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दूरदराज टुकसन ढोक गांव में छिपे आतंकियों को ग्रामीणों ने रविवार को बहादुरी और चतुराई से काबू किया। पहले उनके हथियारों से भरे बैग छिपा दिए। गुत्थमगुत्था होने पर एक आतंकी भागने लगा तो ग्रामीणों ने बाहर की ओर इशारा करते हुए फायर करो चिल्लाना शुरू कर दिया।
भाग रहे आतंकी को लगा कि बाहर सेना का मोर्चा
भाग रहे आतंकी को लगा कि बाहर सेना मोर्चा संभाले हुए है। इस डर से वह वहीं लेट गया। इतने में ग्रामीणों ने आतंकी को काबू कर वहां पड़ी रस्सी से बांध दिया। आतंकियों को पकड़ने वालों में शामिल एक ग्रामीण ने बताया कि उसे भाई का फोन आया था। फोन पर उसने बताया कि टुकसन ढोक में कुछ लोग आ गए हैं। वे मुझे मार डालेंगे।
ग्रामीणों ने पहले आतंकियों को हथियारों भरा बैग छिपाया
मेरा मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने वाला है। मुझे बचा लें। इस फोन कॉल के तुरंत बाद हम रिश्तेदारों ने ढोक का रुख किया। बाहर बारिश हो रही थी। थोड़ी रोशनी हुई तो हमने सबसे पहले उनके हथियारों से भरे बैग छिपा दिए। एक आतंकी छह साल से आतंकवाद में शामिल था। उसे हमने आसानी से काबू कर लिया। दूसरा बेहद खतरनाक था, जो हमसे गुत्थमगुत्था होने के बाद बाहर की ओर भागा।
भैंस बांधने वाली रस्सी से दोनों को बांधा
वहां हमने पहले से ही मोर्चा संभाल लिया था। इस आतंकी के बाहर की ओर आते ही हमने बाहर इशारा करते हुए फायर करो चिल्लाना शुरू कर दिया। यह रणनीति काम कर गई और आतंकी फायरिंग से बचने के लिए नीचे लेट गया। इतने में हमने उसे काबू कर लिया। मौके पर भैंस को बांधने वाली रस्सी पड़ी थी, जिससे हमने दोनों आतंकियों को बांधकर एसडीपीओ को फोन पर इत्तला दे दी।
एक ही घंटे में पहुंच गए सुरक्षाबल
ग्रामीणों ने बताया कि पैदल रास्ता कम से कम दो घंटे का है, लेकिन हमारी सूचना पाकर सुरक्षा बल एक घंटे के भीतर मौके पर पहुंच गए।