कश्मीर में रहस्यमयी बीमारी: 17 लोगों की मौत...बड्डाल बना कंटेनमेंट जोन, भीड़ पर रोक; तारबंदी से की गई घेराबंदी
राजोरी के बड्डाल गांव में 13 बच्चों सहित 17 लोगों की रहस्यमय बीमारी के चलते मौत हो गई थी। जिसके बाद पूरे गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। वहीं बड्डाल से 120 लोगों को शिफ्ट किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जानकारी के अनुसार, बड्डाल गांव में मोहम्मद फजल, मोहम्मद असलम और मोहम्मद रफीक के परिवारों से 13 बच्चों सहित 17 लोगों की रहस्यमय बीमारी के चलते मौत हो गई थी। बच्चों को अस्पताल ले जाने से लेकर उन्हें दफनाने तक कई लोग पीड़ित परिवारों के संपर्क में आए हैं। प्रशासन ने ऐसे लोगों को एहतियातन गांव से दूर कर दिया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग यह कह चुका है कि मौतें किसी वायरस के कारण नहीं हुई हैं, इसलिए लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि राजोरी के क्वारंटीन सेंटर के बाहर तारबंदी की गई है।
क्वारंटीन सेंटर की कड़ी सुरक्षा, तारबंदी की गई
कॉलेज के भवन को क्वारंटीन सेंटर घोषित करके उसकी कड़ी सुरक्षा कर तारबंदी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि वीरवार को भी लोगों को क्वारंटीन सेंटर भेजा जाएगा। सभी लोगों को स्क्रीनिंग के बाद ही क्वारंटीन सेंटर भेजा जा रहा है। गुज्जत मंडी स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज में लोगों के ठहरने का इंतजाम किया गया है। बड्डाल को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद लोगों को स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी राजोरी में शिफ्ट किया गया।
बड्डाल को तीन जोन में बांटा, प्रशासन दे रहा खाना
बड्डाल में प्रशासन ने बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही गांव को तीन जोन में बांट दिया गया है। मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट राजोरी अभिषेक शर्मा ने क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया था। बुधवार से स्वास्थ्य अधिकारियों सहित प्रशासनिक अमले ने आदेशों पर अमल शुरू कर दिया है। बड्डाल में प्रभावित परिवारों और करीबी संपकों की निगरानी के लिए टीमें तैनात की गई हैं।
मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार प्रथम कंटेनमेंट जोन में उन परिवारों के घरों को सील कर दिया गया है, जहां मौतें हुई हैं। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुमति के बिना परिवार के सदस्यों सहित कोई भी घर में प्रवेश नहीं कर सकता। दूसरे जोन में प्रभावित व्यक्तियों के निकट संपर्क वाले सभी परिवारों को शामिल किया गया है। इन परिवारों के लोगों को निरंतर स्वास्थ्य निगरानी में रखा जा रहा है। तीसरे जोन में बड्डाल गांव के सभी परिवार शामिल हैं। इस जोन में कर्मचारी लोगों को भोजन-पानी की व्यवस्था कर रहे हैं और सामूहिक भोज पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोई भी व्यक्ति आदेशों का उल्लंघन न कर पाए इसके लिए पुलिस कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।
लॉगबुक में रखा जा रहा रिकॉर्ड
डीएम के आदेश का पालन करते हुए बड्डाल में तैनात पुलिस कर्मी जांच के बाद ही लोगों को भोजन दे रहे हैं। भोजन वितरण का हिसाब रखने के लिए लॉगबुक बनाई गई है। इसमें तीन बार प्रविष्टियां की जा रही हैं। जवाबदेही के लिए प्रत्येक प्रविष्टि पर निगरान अधिकारी के हस्ताक्षर होंगे। अधिकारियों ने बुधवार को लोगों को भोजन भी बांटा था।
सुरक्षा के लिए तैनात किए पुलिस कर्मी
बड्डाल में 17 मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए अंतर मंत्रालयीय टीम ने बुधवार को तीसरे दिन भी दौरा कर जांच की। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय में निदेशक स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय टीम के कुछ सदस्य दिल्ली लौट गए हैं जबकि पांच सदस्य राजोरी में ही रुके हैं। इन्होंने शनिवार को बीमार हुए युवक एजाज अहमद के घर से सैंपल जुटाए और परिवार के सदस्यों से जानकारी ली।