घाटी में बारिश-बर्फबारी: मकान-दीवार गिरने से तीन की मौत; जम्मू-श्रीनगर हाईवे बाधित, कुपवाड़ा में कई सड़कें बंद
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, शनिवार को भी कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण प्रदेश में विभिन्न जिलों में बारिश व बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। वीरवार रात से हो रुक-रुक कर हो रही बारिश व तेज हवाओं से बिजली ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर तार व पेड़ टूट गए हैं। दक्षिण कश्मीर में शुक्रवार को एक मकान व दीवार गिरने से एक महिला व दो मजदूरो की मौत हो गई। गांदरबल जिले में एक वाहन फिसलकर खाई में गिर गया। वाहन में सवार जम्मू के पांच लोग जख्मी हो गए। पुंछ में पुलत्स्य दरिया पर बना झूला पुल टूटने से टह गांवों का संपर्क टूट गया है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन में पस्सियां गिरने से पांच घंटे यातायात बंद रहा। वैष्णो देवी श्रद्धालुओं को ले जाने वाली कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा प्रभावित रही। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पस्सियां गिरने से साधना टॉप, फुरकियान टॉप व जेड गली समेत कई सड़कें बंद हो गईं। बारिश से खेतों गेंहूं व सब्जियों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। कश्मीर के लगभग सभी जिलों में अधिकतम पारे में सामान्य से 5 से 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।
जम्मू में शुक्रवार को बारिश के साथ सुबह की शुरुआत हुई। दिन चढ़ने के साथ मौसम खुल गया, लेकिन दोपहर बाद अचानक काली घटाएं छा गईं और झमाझम बारिश हुई। रात तक बादलों के बीच रुक-रुककर बारिश जारी रही। जम्मू में दिन का पारा सामान्य से थोड़ा गिरकर 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग के भी कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 7 से नौ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। पुंछ, सांबा, किश्तवाड़ा, डोडा और राजोरी में दिनभर बारिश हुई। कठुआ में शाम चार बजे एक घंटे काफी तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।
पुंछ जिले में भारी बारिश और तेज हवाओं से मंडी तहसील में गांव चकतरो में पुलत्स्य नदी पर बना झूला पुल पलट कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नदी के उस पार बसने वाले करीब आधा दर्जन गांव का अन्य क्षेत्रों से सम्पर्क कट गया है। वहीं तेज हवाओं से पुंछ नगर के साथ ही पुंछ मंडी मार्ग पर कई पेड टूट कर गिर गए।
शनिवार को भी बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, शनिवार को भी कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
कोकरनाग में मलबे में दब गई थी महिला
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग में शुक्रवार को बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कच्चा मकान गिर गया। अब्दुल हामिद का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना के दौरान उनकी पत्नी सलीमा बेगम (50) मलबे में दब गई। महिला को मलबे से निकालकर जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
कुलगाम में खाई में गिरने से दो मजदूरों की जान गई
कुलगाम जिले के चकपोरा इलाके में खाई में गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो को सुरक्षित निकाल लिया गया। हादसा बारिश के बाद फिसलन के कारण हुआ है। मजदूर खाई में काम कर रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने से सभी खाई में गिर गए। मृतकों की पहचान कुलगाम के मकबूल डार और पश्चिम बंगाल के अजीज उर रहमान के रूप में हुई है। एक घायल का अस्पताल मेंइलाज चल रहा है और एक को छुट्टी दे दी गई है।
1.लेह 0.8
2.गुलमर्ग 1.6
3.पहलगाम 4.8
4.कुपवाड़ा 7.5
5.कोकरनाग 7.8
6.काजीगुंड 8.6
7.श्रीनगर 9.2
8.बनिहाल 9.4
9.बटोत 9.6
10.भद्रवाह 9.6
11.कटड़ा 15.2
12.जम्मू 17.9
कहां कितनी बारिश (मिलीमीटर में)
1.गुलमर्ग 31.2
2.बटोत 24.6
3.बनिहाल 24.2
4.पहलगाम 21.3
5.कटड़ा 20.4
6.जम्मू 15.3
7.काजीगुंड 14.5
8.श्रीनगर 13.4
9.कुपवाड़ा 12.4
10.भद्रवाह 12.2
कहां कितनी बर्फबारी (इंच में)
1.राजदान पास 12
2.सिंथन टॉप 10
3.साधना टॉप 10
4.पीर की गली 8
5.माच्छिल 7.8
6.जोजिला पास 6.0